Lionel Messi पर लगे सभी आरोप खारिज, Inter Miami मैच के बाद हुए विवाद पर MLS ने दी सफाई

लियोनेल मेसी पर लगे रेफरी के लॉकर रूम में जाने के आरोपों पर एमएलएस ने जांच के बाद सफाई दी है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि इंटर मियामी के कप्तान ने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया और उन पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं होगी।
शनिवार रात खेले गए मुकाबले के बाद थोड़ा विवाद जरूर खड़ा हुआ, लेकिन अब तस्वीर साफ हो गई है। लियोनेल मेसी पर इंटर मियामी और लॉस एंजिल्स एफसी के बीच हुए मैच के बाद अधिकारियों के लॉकर रूम में बिना अनुमति प्रवेश करने का आरोप लगा था। हालांकि जांच के बाद मेजर लीग सॉकर ने स्पष्ट कर दिया है कि मेसी ने लीग की किसी नीति का उल्लंघन नहीं किया।
बता दें कि यह मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें इंटर मियामी के कप्तान को मैच के बाद रेफरी क्षेत्र की ओर जाते हुए देखा गया। मौजूद जानकारी के अनुसार जिस दरवाजे से मेसी अंदर गए, वह रेफरी के आधिकारिक लॉकर रूम का एंट्री डोर नहीं था और वह क्षेत्र लीग द्वारा प्रतिबंधित भी नहीं था।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद एमएलएस ने मामले की समीक्षा की और निर्णय लिया कि इसे अनुशासन समिति के पास नहीं भेजा जाएगा। प्रोफेशनल रेफरी ऑर्गनाइजेशन के संचार निदेशक क्रिस रिवेट ने भी मीडिया से बातचीत में पुष्टि की कि मेसी अधिकारियों के लॉकर रूम में नहीं गए थे।
गौरतलब है कि यह मैच लॉस एंजिलिस के एलए मेमोरियल कोलिज़ियम में खेला गया था, जिसमें एलएएफसी ने इंटर मियामी को 3-0 से हराया। हार के बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि मेसी मैच अधिकारियों के फैसलों से नाराज थे। हालांकि इंटर मियामी के मुख्य कोच जेवियर माशेरानो ने कहा कि उन्होंने मेसी को नाराज नहीं देखा। उनके मुताबिक मैच खत्म होने के बाद वह सीधे ड्रेसिंग रूम चले गए थे और उन्हें किसी तरह की असामान्य स्थिति नजर नहीं आई।
फिलहाल यह स्पष्ट हो चुका है कि मेसी के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं होगी। इंटर मियामी अब 1 मार्च को ऑरलैंडो सिटी के खिलाफ अगला मुकाबला खेलने उतरेगी, जहां टीम पिछली हार से उबरने की कोशिश करेगी और सभी की नजर एक बार फिर मेसी के प्रदर्शन पर टिकी रहेगी।
अन्य न्यूज़















