Asian Shooting Championship में भारत का Clean Sweep, अमनप्रीत ने जीता Gold Medal

Amanpreet
Instagram/@amanpreet_shooter

एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप में अमनप्रीत सिंह ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गौरव दिलाया, जबकि गुरप्रीत सिंह और अंकुर गोयल ने क्रमशः रजत और कांस्य जीतकर इस स्पर्धा में क्लीन स्वीप पूरा किया। भारतीय तिकड़ी ने टीम वर्ग में भी स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा।

 भारत के स्टार पिस्टल निशानेबाज अमनप्रीत सिंह ने अपने कैरियर का सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई चैम्पियनशिप के आखिरी दिन शुक्रवार को 25 मीटर सेंटर फायर में स्वर्ण जीता और इस स्पर्धा के तीनों पदक भारत की झोली में गिरे। अड़तीस वर्ष के अमनप्रीत ने 589 अंक लेकर स्वर्ण अपने नाम किया जबकि ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने 584 अंक के साथ रजत पदक जीता और अंकुर गोयल को 570 अंक के साथ कांस्य पदक मिला।

 अमनप्रीत सिंह ने जीता स्वर्ण पदक

भारतीय तिकड़ी ने टीम वर्ग में भी पीला तमगा अपने नाम किया जबकि वियतनाम को रजत पदक मिला। भारत ने आखिरी दिन सात पदक जीते और टीम ने 13 स्वर्ण, 11 रजत और नौ कांस्य समेत 33 पदक जीते। सिफत कौर सामरा ने महिलाओं के 50 मीटर राइफल प्रोन वर्ग में रजत पदक जीता। अनुभवी तेजस्विनी सावंत ने कांस्य पदक हासिल किया जबकि कजाखस्तान की येलिजावेता बेजरूकोवा को स्वर्ण पदक मिला। सामरा, सावंत और जयपुर की मानिनी कौशिक की भारतीय तिकड़ी ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

कजाखस्तान 0 . 1 अंक पीछे दूसरे स्थान पर रहा। भारत की धवलिका देवी ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल जूनियर प्रोन स्पर्धा में कांस्य पदक जीता जबकि कजाखस्तान की तोमिरिस अमानोवा ने स्वर्ण और दरिया पोनोमारेंको ने रजत पदक जीता। भारत की ख्वाहिश शर्मा ने आरपीओ (सिर्फ रैंकिंग अंक) में तीसरा स्थान हासिल किया लेकिन वह पदक के लिये नहीं खेल पाई क्योंकि इस वर्ग के प्रतिस्पर्धी सिर्फ रैंकिंग अंक के लिये खेलते हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़