Total Chess Tour: R Vaishali से हारकर Arjun Erigaisi खिताबी दौड़ से बाहर

बुडापेस्ट में टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर के फास्ट क्लासिक मुकाबले में आर वैशाली ने हमवतन अर्जुन एरिगेसी को शिकस्त दी। इस हार के चलते एरिगेसी नॉकआउट चरण में पहुंचने से चूक गए और ग्रुप डी में तीसरे स्थान पर रहे। भारत के आर प्रज्ञानानंदा भी अपने मुकाबले ड्रॉ खेलकर शीर्ष दौड़ से बाहर हो गए हैं।
(अपराजिता उपाध्याय) बुडापेस्ट, 16 नवंबर भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी को टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट टूर्नामेंट के फास्ट क्लासिक ग्रुप चरण के अंतिम मुकाबले में हमवतन आर वैशाली के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा जिससे वह यहां खिताबी नॉकआउट चरण में जगह बनाने से चूक गए। एरिगेसी ने दिन की शुरुआत ग्रुप डी में मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव और हेन्स नीमन के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहते हुए की थी। दिन की पहली बाजी में उन्होंने सफेद मोहरों से खेलते हुए वैशाली को हराकर चैंपियनशिप के नॉकआउट चरण में प्रवेश की अपनी दावेदारी मजबूत की।
इस जीत से उन्होंने दो अंक की बढ़त बना ली थी। हालांकि वैशाली ने दूसरे मुकाबले में एरिगेसी को हरा दिया। इस हार के कारण एरिगेसी ग्रुप डी में तीसरे स्थान पर रहे जबकि वाचियर-लाग्रेव ने खिताबी नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई किया।
अगले साल महिला विश्व चैंपियनशिप में चीन की जू वेनजुन को चुनौती देने वाली वैशाली ग्रुप डी में दो जीत, एक ड्रॉ और सात हार के साथ अंतिम स्थान पर रहीं। इस तरह तीनों भारतीय खिलाड़ी एरिगेसी, वैशाली और उनके भाई आर प्रज्ञानानंदा खिताब की दौड़ से बाहर हो गए हैं। अब वे क्वालीफिकेशन स्थानों के लिए मुकाबले खेलेंगे।
प्रज्ञानानंदा ने ग्रुप बी में वियतनाम के ग्रैंडमास्टर लीम ले के खिलाफ दोनों मुकाबले ड्रॉ खेले और अंतिम स्थान पर रहे। भारतीय ग्रैंडमास्टर ने सात मुकाबले ड्रॉ खेले जबकि तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। प्रज्ञानानंदा और वैशाली अब क्रमशः नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और अभिमन्यु मिश्रा के खिलाफ नॉकआउट छह में खेलेंगे।
वहीं ग्रुप चरण का समापन चार जीत, चार ड्रॉ और दो हार के साथ करने वाले एरिगेसी नॉकआउट तीन में जोर्डेन वान फॉरेस्ट का सामना करेंगे। फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा, अमेरिका के ग्रैंडमास्टर फाबियानो करुआना, नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी और फ्रांस के वाचियेर लाग्रेव ने खिताबी नॉकआउट चरण में जगह बनाई। फिरोजा ने ग्रुप ए में लेवोन अरोनियन के खिलाफ दोनों मुकाबले ड्रॉ खेलकर शीर्ष स्थान हासिल किया।
उनके 15 अंक रहे। गिरी ने ग्रुप सी में शखरियार मामेदयारोव के खिलाफ अपने दोनों मुकाबले ड्रॉ खेले। वह 15 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल रहे।
पांच बार के विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन ग्रुप चरण में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सके। उन्होंने रविवार को इयान नेपोमनियाची के खिलाफ अपने दोनों मुकाबले ड्रॉ खेले। इस बीच उनकी लाइव रेटिंग में गिरावट जारी रही।
कार्लसन की लाइव रेटिंग घटकर 2801.2 रह गई है और 15 साल से अधिक समय में पहली बार उनके अंक 2800 से नीचे जाने का खतरा मंडरा रहा है। नॉर्वे के इस खिलाड़ी के विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर भी खतरा बढ़ गया है और करुआना उनसे काफी करीब पहुंच गए हैं। कार्लसन नौ ड्रॉ और एक हार के साथ नौ अंक लेकर पांचवें स्थान पर रहे।
अन्य न्यूज़














