Total Chess World Championship Tour: Arjun Erigaisi और Praggnanandhaa ने जीते क्लासिफिकेशन मैच

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बुडापेस्ट में टोटल शतरंज विश्व चैम्पियनशिप टूर पायलट के क्लासिफिकेशन मुकाबलों के पहले दिन भारत के अर्जुन एरिगैसी और आर प्रज्ञाननंदा ने जीत दर्ज की। एरिगैसी ने जॉर्डन वैन फोरस्ट को 11.5-8.5 से मात दी, जबकि प्रज्ञाननंदा ने 1-3 से पिछड़ने के बाद वापसी कर नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव को हराया। हालांकि महिला ग्रैंडमास्टर आर वैशाली को अभिमन्यु मिश्रा के हाथों हार झेलनी पड़ी।

(अपराजिता उपाध्याय) बुडापेस्ट, 18 नवंबर भारत के अर्जुन एरिगैसी और आर प्रज्ञाननंदा ने टोटल शतरंज विश्व चैम्पियनशिप टूर पायलट में क्लासिफिकेशन मुकाबलों के पहले दिन जीत हासिल की लेकिन आर वैशाली को हार का सामना करना पड़ा। एरिगैसी ने नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर जॉर्डन वैन फोरस्ट को हराया, जबकि प्रज्ञाननंदा ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव को पराजित किया। सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने से बाल-बाल चूकने वाले एरिगैसी ने नौवें से 12वें स्थान के मुकाबले में चार में से तीन ब्लिट्ज गेम और दोनों रैपिड मैचों में वैन फोरस्ट को हराया।

इस तरह से उन्होंने यह मुकाबला 11.5-8.5 से जीता। प्रज्ञाननंदा ने 21वें से 24वें स्थान के लिए क्लासिफिकेशन मुकाबले में ब्लिट्ज राउंड के बाद 1-3 से पिछड़ने के बाद अच्छी वापसी करते हुए नोदिरबेक को 11-9 से हराया। हालांकि उनकी बहन और महिला विश्व चैम्पियनशिप की चैलेंजर वैशाली 21वें से 24वें स्थान के लिए खेले गए पहले दिन के मुकाबले में अमेरिकी ग्रैंडमास्टर अभिमन्यु मिश्रा से 7-13 से हार गईं।

इस बीच खिताब की दौड़ में शामिल नीदरलैंड के अनीश गिरी और फ्रांस के अलीरेज़ा फ़िरोजा ने सेमीफाइनल के पहले दिन जीत हासिल की। गिरी ने वाचियर-लाग्रेव के खिलाफ 14.5-5.5 से और फिरोजा ने फैबियानो कारुआना के खिलाफ 12-8 से जीत हासिल की। विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने 17वें से 20वें स्थान के लिए निर्धारित मुकाबले में बिबिसारा असाउबायेवा को 11.5-8.5 से हराया।

कार्लसन ने चारों ब्लिट्ज गेम 3.5-0.5 से और फिर दोनों रैपिड गेम भी जीते। पांच बार के विश्व चैंपियन ने हालांकि फास्ट क्लासिक गेम नहीं खेला जिससे विवाद पैदा हो गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़