एशिया चैंपियनशिप में आयुष शेट्टी का कारनामा, दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

एशिया चैंपियनशिप 2026 के मेंस सिंगल क्वार्टरफाइनल में आयुष शेट्टी ने शानदार खेल दिखाया है। इस दौरान उन्होंने इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को हराया है, जो दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी हैं। इस जीत के साथ ही भारत का एक मेडल पक्का हो गया है।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने एशिया चैंपियनशिप 2026 के मेंस सिंगल क्वार्टरफाइनल में शानदार खेल दिखाया है। इस दौरान उन्होंने इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को हराया है, जो दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी हैं। इस जीत के साथ ही भारत का एक मेडल पक्का हो गया है। हालांकि, आयुष सेमीफाइनल में भी अपनी इसी फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगे और जीत हासिल कर फाइनल में अपनी जगह बनाना चाहेंगे।
20 वर्षीय आयुष ने 2023 में BWF वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था, इस मैच में दबाव में भी बिल्कुल शांत रहे। पहले गेम में उन्होंने दो गेम प्वाइंट्स बचाए और खुद एक पॉइंट चूकने के बाद भी 23-21 से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ी कई बार बराबरी पर थे, लेकिन 10-9 की बढ़त लेने के बाद आयुष ने अपनी लय बनाए रखी और 21-17 से मैच अपने नाम कर लिया। ये मुकाबला 54 मिनट तक चला।
इस जीत के साथ आयुष शेट्टी अब सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर 1 थाईलैंड के कुनलावुत विटिडसर्न से भिड़ेंगे। आयुष इस पूरे टूर्नामेंट में अब तक एक भी गेम नहीं हारे हैं जो उनकी फॉर्म को दिखाता है। आयुष ने टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में भी मजबूत विरोधियों को हराया था। इस दौरान उन्होंने चीन के 7वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी शी फेंग और चाइनीज ताइपे के ची यू जेन को हराकर क्वार्टर फाइनल तक पहुंच बनाई थी।
आयुष शेट्टी की ये जीत न सिर्फ उनके करियर के लिए बल्कि पूरे भारतीय बैडमिंटन के लिए बेहद अहम है। युवा खिलाड़ी का आत्मविश्वास और मैच फिनिशिंग स्किल इस टूर्नामेंट में सबसेज्यादा चर्चा में रहा है।
अन्य न्यूज़















