IPL के 20वें सीजन की तैयारी: BCCI ने 15 अक्टूबर को बुलाई सभी फ्रेंचाइजी और स्टेकहोल्डर्स की बैठक

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग के 20वें सत्र की तैयारियों की समीक्षा के लिए 15 अक्टूबर को मुंबई में अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में फ्रेंचाइजी मालिकों, सीईओ, मेजबान राज्य क्रिकेट संघों और प्रसारकों के साथ पिछले सत्र के अनुभवों और आयोजन से जुड़ी चिंताओं पर चर्चा होगी। बोर्ड लीग के दो दशक पूरे होने के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन की रूपरेखा भी तैयार कर रहा है।
मुंबई, नौ अक्टूबर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अगले साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 20वें सत्र की तैयारियों के मद्देनजर 15 अक्टूबर को यहां सभी प्रमुख हितधारकों की संयुक्त बैठक बुलाई है। बीसीसीआई ने 2027 सत्र से पहले होने वाली इस बैठक के लिए आईपीएल के सभी प्रमुख हितधारकों को आमंत्रित किया है। इनमें फ्रेंचाइजी के मालिक और उनके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी कर चुके राज्य क्रिकेट संघ और प्रसारणकर्ता शामिल हैं।
बीसीसीआई के एक सूत्र के अनुसार, बोर्ड मुंबई में होने वाली इस बैठक के दौरान आईपीएल के पिछले सत्र से जुड़े मुद्दों और उनसे मिली सीख की समीक्षा करेगा जबकि विभिन्न पक्षों की चिंताओं पर भी चर्चा की जाएगी। बैठक के एजेंडे में 2027 आईपीएल के आयोजन की योजना और प्रमुख हितधारकों के साथ विचार-विमर्श करना भी शामिल है। बीसीसीआई का मानना है कि आईपीएल की मेजबानी में राज्य क्रिकेट संघों की अहम भूमिका होती है और मैच के दिन समन्वय और स्टेडियम में संचालन से जुड़े मामलों पर उनके सुझाव उन मुद्दों के समाधान के लिए महत्वपूर्ण हैं जिन पर बोर्ड इस बैठक में चर्चा करना चाहता है।
पिछले महीने यहां आयोजित अपनी वार्षिक आम बैठक के समापन पर बीसीसीआई ने घोषणा की थी कि उसकी आम सभा ने सर्वसम्मति से आईपीएल के दो दशक पूरे होने का जश्न भव्य तरीके से मनाने का फैसला किया है।
अन्य न्यूज़














