सुपर-सब Ante Budimir का कमाल, Croatia को दिलाई अहम जीत, Panama का World Cup सपना टूटा

विश्व कप में एंटे बुदिमिर के निर्णायक गोल की बदौलत क्रोएशिया ने पनामा को 1-0 से हराकर अपनी नॉकआउट की उम्मीदों को जीवित रखा। इस हार के साथ पनामा टूर्नामेंट से बाहर हो गया है, जबकि ग्रुप एल में क्रोएशिया का अगला मुकाबला घाना से होगा।
स्थानापन्न खिलाड़ी एंटे बुदिमिर के दूसरे हाफ के शुरू में किए गए गोल की मदद से क्रोएशिया ने पनामा को 1-0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट राउंड में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा। पनामा की यह लगातार दूसरी हार है जिससे वह नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो गया है। एंटे ने खेल के 54वें मिनट में जोसिप स्टैनिसिक के घुमावदार क्रॉस पर गेंद को खाली नेट में डाल दिया। यह गोल आखिर में निर्णायक साबित हुआ और क्रोएशिया तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल करने में सफल रहा।
क्रोएशिया अपने पहले मैच में इंग्लैंड से हार गया था और उसके लिए ग्रुप एल में अपनी उम्मीदों को जीवंत रखने के लिए इस मैच में जीत हासिल करनी जरूरी थी। इंग्लैंड और घाना के चार-चार अंक हैं जबकि क्रोएशिया तीन अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। वह ग्रुप चरण का अपना अंतिम मैच घाना के खिलाफ खेलेगा। पनामा लगातार दो हार से टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है और दो बार विश्व कप में भाग लेने के बाद भी वह अपना पहला अंक हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहा है। बीएमओ फील्ड में पहले हाफ की धीमी गति के बाद क्रोएशिया मध्यांतर के बाद पनामा की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने में सफल रहा जब बुदिमिर ने मैदान पर आने के महज चार मिनट बाद ही गोल दाग दिया।
तीन मिनट बाद ही क्रोएशिया एक और गोल करने के करीब पहुंच गया था जब अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे 40 वर्षीय लुका मोड्रिक ने मार्को पासालिक को पास दिया। लेकिन पनामा के गोलकीपर ऑरलैंडो मोस्केरा ने पासालिक के शॉट को रोक दिया। पनामा को 67वें मिनट में लगातार तीन मौके मिले जिससे वह स्कोर बराबर कर सकता था।
क्रोएशिया के गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविच ने तीन शानदार बचाव किए। इनमें से तीसरे मौके पर उन्होंने गेंद को बस हाथ से छूकर नेट के ऊपर से बाहर कर दिया। ग्रुप एल में आगे बढ़ने वाली टीम फैसला शनिवार को होगा। इंग्लैंड का मुकाबला ईस्ट रदरफोर्ड, न्यू जर्सी में पनामा से होगा, जबकि घाना और क्रोएशिया फिलाडेल्फिया में एक दूसरे का सामना करेंगे।
अन्य न्यूज़














