India vs Japan, Hcokey Asia Cup 2025: भारतीय हॉकी टीम की लगातार दूसरी जीत, जापान को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराया

Hockey India
प्रतिरूप फोटो
Social Media
Kusum । Aug 31 2025 5:43PM

एशिया कप 2025 में भारतीय हॉकी टीम का बेहतरीन प्रदर्शन जारी है। टीम इंडिया ने अपने दूसरे पूल मुकाबले में जापान को 3-2 से हरा दिया। 31 अगस्त को खेले गए इस मैच में भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल दागे। वहीं मनदीप सिंह एक गोल करने में सफल रहे।

बिहार के राजगीर में खेले जा रहे एशिया कप 2025 में भारतीय हॉकी टीम का बेहतरीन प्रदर्शन जारी है। टीम इंडिया ने अपने दूसरे पूल मुकाबले में जापान को 3-2 से हरा दिया। 31 अगस्त को खेले गए इस मैच में भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल दागे। वहीं मनदीप सिंह एक गोल करने में सफल रहे। 

दूसरी ओर जापान के लिए कवाबे कोसेई ने दोनों गोल किए। जापान के खिलाफ में भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने कुछ बेहतरीन बचाव किए। कृष्ण बहादुर का ये 150वां इंटरनेशनल मुकाबला था। बता दें कि, भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में चीन को 4-3 से हराया था। वहीं अब भारतीय टीम अपने आखिरी पूल मुकाबले में 1 सितंबर को कजाकिस्तान से भिड़ेगी। 

भारतीय टीम ने तूफानी शुरुआत की और पहले ही क्वार्टर में दो गोल दाग दिए। क्वार्टर के चौथे मिनट में ही मनदीप सिंह ने बेहतरीन फील्ड गोल किया। अगले ही मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारतीय टीम को 2-0 से आगे कर दिया। दूसरा क्वार्टर कांटेदार रहा, जहां दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। दोनों टीमों ने जरूर मौके बनाए, लेकिन गोल पोस्ट में गेंद डाल नहीं सकीं। हाफटाइम तक स्कोर भारत के पक्ष में 2-0 था। 

तीसरे क्वार्टर में जापान ने आक्रामक खेल दिखाने का प्रयास किया। सका उसे फायदा भी मिला, जब क्वार्टर के आठवें मिनट में कवाबे कोसेई ने जापान के लिए गोल करके स्कोर 2-1 कर दिया। ये स्कोर तीसरे क्वार्टर के अंत रहा, फिर चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत को पेनल्टी क्वॉर्नर मिला, जिसपर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को 3-1 से आगे कर दिया। जापानी टीम इस गोल को खाने के बाद भी लड़ती रही और खेल खत्म होने के लगभग दो मिनट पहले कवाबे कोसेई गोल करने में कामयाब रहे। 

एशिया कप में भारती टीम को जापान, चीन और कजाकिस्तान के साथ पूल-ए में रखा गया है। वहीं पूल-बी में चीनी ताइपे, मलेशिया, साउथ कोरिया और बांग्लादेश की टीमें हैं। एशिया कप की विजेता टीम को अगले साल होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिलेगा। हॉकी वर्ल्ड कप नीदरलैंड और बेल्जियम में 14 से 30 अगस्त तक खेला जाना है। 

All the updates here:

अन्य न्यूज़