बीजिंग के World Humanoid Robot Games में टूटा Usain Bolt का रिकॉर्ड, रोबोट ने रचा नया इतिहास

Humanoid Robots
Instagram

बीजिंग रोबोट खेलों में चीनी ह्यूमनॉइड रोबोटों ने उसेन बोल्ट के 100 मीटर दौड़ के रिकॉर्ड को तोड़कर वैश्विक तकनीकी श्रेष्ठता का प्रदर्शन किया है। यह आयोजन एथलेटिक स्पर्धाओं में मशीन और मानव क्षमताओं के बदलते संतुलन का एक प्रभावी तकनीकी विश्लेषण प्रस्तुत करता है। बीजिंग, ह्यूमनॉइड रोबोट, विश्व रिकॉर्ड, उसेन बोल्ट, रोबोटिक्स तकनीक।

चीन के ह्यूमनॉइड (मनुष्यों के आकार के) रोबोट ने रविवार को बीजिंग में शुरू हुए ओलंपिक जैसे विश्व ह्यूमनॉइड रोबोट खेलों के पहले दिन मानवों के रिकॉर्ड तोड़ दिए। इनमें जमैका के महान धावक उसेन बोल्ट का 100 मीटर दौड़ का विश्व रिकॉर्ड भी शामिल है। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में दो हजार से अधिक ह्यूमनॉइड रोबोट हिस्सा ले रहे हैं।

पांच दिन तक चलने वाले इन खेलों का यह दूसरा सत्र है। अमेरिका के साथ तकनीकी प्रतिस्पर्धा बढ़ने के बीच यह आयोजन रोबोटिक्स के क्षेत्र में चीन की तेजी से बढ़ती क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है। इसमें दौड़, टेबल टेनिस और फुटबॉल समेत 51 स्पर्धाओं में एक हजार से अधिक मुकाबले होंगे। इन खेलों का आयोजन 2022 शीतकालीन ओलंपिक के लिए बनाए गए नेशनल स्पीड स्केटिंग ओवल में हो रहा है। शनिवार को रोबोट खेलों के उद्घाटन समारोह में आयोजकों और रोबोट निर्माताओं ने कहा कि चीन के ह्यूमनॉइड रोबोट ने मानवों के विश्व रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।

इस दौरान सैकड़ों ह्यूमनॉइड रोबोट ने तालमेल के साथ मैदान में मार्च कर अपनी समन्वय क्षमता का प्रदर्शन किया। एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने 100 मीटर दौड़ में 9.39 सेकेंड का समय दर्ज किया जो 2009 में जमैका के एथलीट उसेन बोल्ट द्वारा बनाए गए 9.58 सेकेंड के मानव विश्व रिकॉर्ड से बेहतर है। स्थिर अवस्था से ऊंची कूद में एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने 2.88 मीटर की ऊंचाई हासिल की।

यह पिछले साल खेलों के पहले सत्र में ह्यूमनॉइड रोबोट द्वारा हासिल किए गए 0.95 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से काफी अधिक है। इस रोबोट ने क्यूबा के जेवियर सोटोमायोर द्वारा 1993 में बनाए गए 2.45 मीटर के मानव विश्व रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

दोनों रिकॉर्ड बनाने वाले रोबोट बीजिंग स्थित एक्स-ह्यूमनॉइड के थे। आयोजकों के अनुसार खेलों के उद्घाटन से पहले चीनी स्मार्टफोन कंपनी ऑनर के एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने परीक्षण के दौरान 100 मीटर की दौड़ 9.32 सेकेंड में पूरी की थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़