वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत को WTC Final की राह में लगा झटका, अंक तालिका में चौथे स्थान पर फिसला

न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहने के बाद भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में 50 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे स्थान पर खिसक गई है। मैच के पांचवें दिन कीवी बल्लेबाजों के संघर्ष के चलते दोनों कप्तानों ने खेल खत्म होने से एक घंटा पहले ड्रॉ पर सहमति बनाई। अब भारत को फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बाकी बचे सभी छह टेस्ट मुकाबले जीतने होंगे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट में सोमवार को मुकाबला ड्रॉ रहने से भारत की अगले साल होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। पांचवें और आखिरी दिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने पूरे दिन संघर्ष करते हुए भारतीय टीम को जीत से वंचित कर दिया। मैच में एक घंटे का खेल शेष रहते दोनों टीमों के कप्तान शुभमन गिल और टॉम लैथम ने ड्रॉ पर सहमति जताई।
उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 239 रन था। इस नतीजे के बाद डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भारत 50 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। दो मैचों की टेस्ट शृंखला से पहले भारत का अंक प्रतिशत 51.52 था।
भारत को मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र (2024-27) में अब छह टेस्ट मैच और खेलने हैं। इनमें एक टेस्ट क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ और पांच टेस्ट जनवरी-फरवरी 2027 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेले जाएंगे। अंक तालिका में दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 69.23 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और न्यूजीलैंड 66.67 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
इस स्थिति में भारत को फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बाकी सभी छह टेस्ट जीतने होंगे। ऐसा करने पर उसका अंक प्रतिशत 66.67 हो जाएगा। सभी छह टेस्ट जीतने के बावजूद भारत शीर्ष दो टीमों से पीछे रह सकता है और उसे दूसरी टीमों के खराब प्रदर्शन की भी उम्मीद करनी होगी।
भारत अगर बाकी छह टेस्ट में से पांच जीतता है और एक मैच ड्रॉ रहता है, तो उसका अंक प्रतिशत 62.96 होगा जबकि पांच जीत और एक हार की स्थिति में यह घटकर 61.11 रह जाएगा। ऐसे में भारत के लिए फाइनल की उम्मीदें बरकरार रखने का एकमात्र रास्ता सभी छह मुकाबलों में जीत हासिल करना है। इसके साथ ही अगले कुछ महीनों में उसे अन्य टीमों के नतीजे भी अपने पक्ष में आने की उम्मीद करनी होगी।
मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका की स्थिति सबसे मजबूत है। उसे अपने बाकी पांच टेस्ट मैचों में से केवल तीन में जीत दर्ज करनी है। इन पांच मुकाबलों में बांग्लादेश के खिलाफ भी एक टेस्ट भी शामिल है।
यह टेस्ट सोमवार को सेंचुरियन में शुरू हुआ।
अन्य न्यूज़














