IWL के 10वें सत्र का आगाज शुक्रवार को, East Bengal और गोकुलम केरल के बीच कल्याणी में भिड़ंत

भारतीय महिला फुटबॉल लीग के नए सत्र की शुरुआत कल्याणी स्टेडियम में दो पूर्व चैंपियनों की टक्कर से होने जा रही है। शुक्रवार को शाम सात बजे मौजूदा विजेता ईस्ट बंगाल का सामना तीन बार की चैंपियन गोकुलम केरल से होगा। इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं और 56 मैच खेले जाएंगे।
भारतीय महिला फुटबॉल लीग (आईडब्ल्यूएल) के 10वें सत्र का आगाज शुक्रवार को कल्याणी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी और तीन बार की विजेता गोकुलम केरल एफसी के मुकाबले से होगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा। देश की इस प्रमुख महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के 2026-27 सत्र में आठ टीमें हिस्सा लेंगी।
इस दौरान कुल 56 मुकाबले खेले जाएंगे। दोनों ही टीमें जीत के साथ अभियान का आगाज करना चाहेंगी। गोकुलम केरल की कप्तान बेबी लालछंदामी ने बड़े मुकाबले से पहले अपनी टीम की तैयारियों पर भरोसा जताया।
उन्होंने कहा, ‘‘पहले मुकाबले में हमारा सामना ईस्ट बंगाल से होगा। हम उनकी मजबूती और कमजोरियों से अच्छी तरह परिचित हैं। हमने इतनी अच्छी तैयारी की है कि उनकी कमजोरियों का फायदा उठाकर उन्हें अपनी ताकत बना सकें।’’ ईस्ट बंगाल के मुख्य कोच एंथनी एंड्रयूज ने साफ किया कि उनकी टीम इस बार भी खिताब अपने पास बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘एक टीम के रूप में हमारी सफलता की सबसे बड़ी वजह खिलाड़ियों का मजबूत कोर ग्रुप और उनकी सोच है, जिसे हमने लगातार बेहतर बनाया है। इस सत्र में हम पूरी आक्रामकता के साथ खेलेंगे और शानदार अंदाज में खिताब का बचाव करना हमारा लक्ष्य है।’’ नये सत्र के साथ लीग ने व्यावसायिक क्षेत्र में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ‘लक्समी’ आईडब्ल्यूएल की पहली टाइटल प्रायोजक बन गई है।
यह साझेदारी कैप्री स्पोर्ट्स और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के बीच लीग तथा आईडब्ल्यूएल-2 के व्यावसायिक विकास और विपणन को लेकर हुई 15 साल की साझेदारी के बाद हुई है। इस नयी साझेदारी से देश में महिला फुटबॉल की लोकप्रियता बढ़ने के साथ ही इसके व्यावसायिक विस्तार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
अन्य न्यूज़













