IOA ने Hockey India को चेताया, Bholanath Singh जांच समिति को तुरंत फंड देने का निर्देश

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय ओलंपिक संघ ने महासचिव भोलानाथ सिंह के खिलाफ जांच के लिए बनी समिति को आवश्यक फंड न देने पर हॉकी इंडिया की निष्क्रियता को अस्वीकार्य बताया है। आईओए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रघुराम अय्यर ने पत्र लिखकर कहा कि धन की कमी से उच्च न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपा शर्मा की अध्यक्षता वाली समिति का कामकाज प्रभावित हुआ है।

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने हॉकी इंडिया को जांच समिति के लिए अब तक धनराशि जारी नहीं करने पर फटकार लगाते हुए कहा कि भोलानाथ सिंह पर लगे उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए गठित समिति का काम धन की कमी के कारण रुका हुआ है और हॉकी इंडिया का यह रवैया अस्वीकार्य है। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने शुक्रवार को हॉकी इंडिया (एचआई) को जांच समिति के लिए धनराशि जारी नहीं करने पर फटकार लगाई। आईओए ने कहा कि हॉकी इंडिया की यह अस्वीकार्य निष्क्रियता समिति के कामकाज में बाधा डाल रही है।

इस समिति को हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह पर लगे उत्पीड़न के आरोपों की जांच करनी है। आईओए की ओर से गठित चार सदस्यीय स्वतंत्र जांच समिति अभी तक अपनी जांच शुरू नहीं कर सकी है। इस समिति की अध्यक्षता उच्च न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपा शर्मा कर रही हैं।

पूर्व हॉकी खिलाड़ी और प्रशासक असुंता लाकड़ा ने भोलानाथ पर उत्पीड़न और धमकाने के आरोप लगाए हैं। समिति का गठन दो महीने पहले किया गया था। आईओए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रघुराम अय्यर ने हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों को पत्र लिखकर आरोपों की समयबद्ध और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

अय्यर ने अपने ई-मेल में लिखा, ‘‘आईओए हॉकी इंडिया की ओर से जांच समिति को आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध नहीं कराने के मामले को गंभीरता से लेता है। इसके कारण समिति का कामकाज प्रभावित हुआ है। आरोपों की समयबद्ध और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के महत्व को देखते हुए इस तरह की निष्क्रियता अस्वीकार्य है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जांच समिति को तत्काल अपनी कार्यवाही शुरू करने में सक्षम बनाने के लिए आवश्यक धनराशि बिना किसी और देरी के जारी किया जाना चाहिये।’’ यह घटनाक्रम हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की की ओर से धनराशि जारी करने के लिए बार-बार याद दिलाए जाने के बाद भोलानाथ की प्रतिक्रिया के बाद सामने आया है।

भोलानाथ ने कहा कि चूंकि आरोप उन्हीं के खिलाफ लगाए गए हैं, इसलिए चेक पर उनके हस्ताक्षर करना हितों के टकराव का मामला होगा। उन्होंने इसके बजाय टिर्की से हॉकी इंडिया के कार्यालय आकर अध्यक्ष के तौर पर चेक पर हस्ताक्षर करने का अनुरोध किया। भोलानाथ ने अपने जवाब में लिखा, ‘‘समिति को धनराशि जारी करने में कोई अड़चन नहीं है।

मेरे खिलाफ लगाए गए कुछ झूठे आरोपों को देखते हुए इस मामले में हितों का सीधा टकराव है। इसलिए जांच समिति के लिए चेक पर हस्ताक्षर करना मेरे लिए उचित नहीं होगा। इससे जांच की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है।’’ उन्होंने लिखा, चेक पर अध्यक्ष (अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता) और कोषाध्यक्ष के हस्ताक्षर किए जा सकते हैं।

इसलिए आपसे अनुरोध है कि हॉकी इंडिया के कार्यालय आकर चेक पर हस्ताक्षर करें। इस संबंध में किसी भी सहायता की आवश्यकता हो तो कृपया सूचित करें।’’ खेल मंत्रालय के निर्देश के बाद इस जांच समिति का गठन किया गया था। समिति में पूर्व एथलीट वंदना राव, भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान ममता खरब और अधिवक्ता सिटवत नबी को सदस्य बनाया गया है।

हॉकी इंडिया को समिति के सभी खर्चों का वहन करने का निर्देश दिया गया था। इनमें पेशेवर शुल्क, मानदेय, यात्रा, ठहरने और अन्य आकस्मिक खर्च शामिल हैं। हॉकी इंडिया के कार्यकारी बोर्ड की सदस्य लाकड़ा ने आरोप लगाया है कि झारखंड में स्थानीय कोच सुधीर गोला पर लड़कियों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों पर आपत्ति जताने के बाद भोलानाथ ने उन्हें धमकाया और प्रताड़ित किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़