IPL Auction से पहले Mitchell Starc और Travis Head को टीमों ने किया रिलीज

IPL Auction से पहले Mitchell Starc और Travis Head को टीमों ने किया रिलीज
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

आगामी इंडियन प्रीमियर लीग नीलामी से पूर्व फ्रेंचाइजी टीमों ने रिटेंशन प्रक्रिया पूरी करते हुए कई बड़े नामों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। दिल्ली कैपिटल्स ने मिचेल स्टार्क समेत 10 और सनराइजर्स हैदराबाद ने ट्रेविस हेड समेत नौ खिलाड़ियों को रिलीज किया है। टीमों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली के लिए ट्रेडिंग विंडो नौ दिसंबर तक खुली रहेगी।

ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और ट्रेविस हेड उन प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें अगले महीने होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग की नीलामी से पहले मंगलवार को उनकी संबंधित आईपीएल फ्रेंचाइजी ने रिलीज (टीम से बाहर करना) कर दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने स्टार्क को टीम से रिलीज कर दिया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की काम के बोझ के प्रबंधन की नीति के तहत स्टार्क आईपीएल 2026 के पहले चरण में नहीं खेल पाए थे।

दिल्ली कैपिटल्स ने इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को 11.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। आईपीएल के 2027 सत्र में भी उनकी उपलब्धता को लेकर सवाल बने हुए थे। दिल्ली कैपिटल्स ने स्टार्क सहित कुल 10 खिलाड़ियों को रिलीज किया।

टीम से रिलीज किए गए अन्य खिलाड़ियों में नितीश राणा, अभिषेक पोरेल, बेन डकेट, दुष्मंता चमीरा और करुण नायर शामिल हैं। दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच सौरव गांगुली ने खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखने और रिलीज करने के फैसले पर ‘जियोस्टार’ से कहा, ‘‘यह फैसला कई पहलुओं को ध्यान में रखकर लिया जाता है। इसमें पिछले कुछ वर्षों का प्रदर्शन, अगले दो साल के लिए टीम की जरूरतें, फ्रेंचाइजी किस खिलाड़ी को अहमियत देती है और किसमें आईपीएल मैच जिताने की क्षमता है, ये सभी बातें शामिल होती हैं’’ वहीं हेड ने आईपीएल 2027 से हटने का फैसला किया है जिसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें रिलीज कर दिया।

हेड ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर आईपीएल की सबसे आक्रामक सलामी जोड़ियों में से एक बनाई थी। उन्हें शीर्ष क्रम में खेलने के लिए 14 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। सनराइजर्स ने हेड सहित कुल नौ खिलाड़ियों को रिलीज किया।

रिलीज किए गए अन्य खिलाड़ियों में गेराल्ड कोएट्जी और जयदेव उनादकट भी शामिल हैं। मुंबई इंडियंस के ट्रेंट बोल्ट, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के जैकब बेथेल और राजस्थान रॉयल्स के शिमरोन हेटमायर भी मंगलवार शाम खिलाड़ियों को रिटेन (अपने साथ बरकरार रखने) करने की समय सीमा समाप्त होने के बाद रिलीज किए गए प्रमुख विदेशी खिलाड़ियों में शामिल हैं। मुंबई इंडियंस ने भी नौ खिलाड़ियों को रिलीज किया।

ट्रेंट बोल्ट के अलावा दीपक चाहर और एएम गजनफर को भी टीम से रिलीज कर दिया गया। माना जा रहा है कि पंजाब किंग्स से ट्रेड (खिलाड़ियों की अदला-बदली) के जरिये अर्शदीप सिंह के आने के बाद मुंबई को चाहर की जरूरत नहीं रह गई थी। कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने 25.20 करोड़ रुपये की भारी कीमत के बावजूद कैमरन ग्रीन को टीम में बरकरार रखा जबकि तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया।

मुस्ताफिजुर को आईपीएल 2026 से पहले बीसीसीआई के निर्देश पर फ्रेंचाइजी ने रिलीज किया था। केकेआर ने श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को भी टीम से बाहर कर दिया। नाइट राइडर्स ने कुल 12 खिलाड़ियों को रिलीज किया जिनमें अब संन्यास ले चुके अजिंक्य रहाणे, रचिन रविंद्र और आकाश दीप शामिल हैं।

गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने प्रतिभाशाली जैकब बेथेल को रिलीज कर दिया जो घुटने की सर्जरी से अब तक पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। आरसीबी ने कुल छह खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया। पंजाब किंग्स ने भी छह खिलाड़ियों को रिलीज किया जिनमें लॉकी फर्ग्युसन, मिच ओवेन, निहाल वढेरा, प्यला अविनाश, प्रवीण दुबे और विशाल निषाद शामिल हैं।

मुंबई इंडियंस से हार्दिक पंड्या के आने के बाद ऑलराउंडरों के कई विकल्प होने के बावजूद फ्रेंचाइजी ने मार्कस स्टोइनिस को टीम में बरकरार रखने का फैसला किया। आईपीएल की ट्रेडिंग विंडो (खिलाड़ियों की अदला-बदली का समय) नौ दिसंबर तक खुली रहेगी और ऐसी संभावना है कि 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी से पहले स्टोइनिस को किसी अन्य टीम के साथ ट्रेड किया जा सकता है। लखनऊ सुपर जाइंट्स ने मैथ्यू ब्रीट्जके, आवेश खान और एनरिक नोर्खिया सहित सात खिलाड़ियों को रिलीज किया।

गुजरात टाइटंस ने सबसे कम पांच खिलाड़ियों को रिलीज किया जिनमें अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और मध्यक्रम के बल्लेबाज शाहरुख खान शामिल हैं। जिस दिन महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल करियर समाप्त करने का फैसला किया उसी दिन चेन्नई सुपरकिंग्स ने 10 खिलाड़ियों को रिलीज किया। 14.2 करोड़ रुपये में खरीदे गए प्रशांत वीर को मैथ्यू शॉर्ट और मैट हेनरी के साथ टीम से बाहर कर दिया गया।

राजस्थान रॉयल्स की ओर से रिलीज किए गए आठ खिलाड़ियों में शिमरोन हेटमायर सबसे प्रमुख नाम रहे। उनके अलावा एडम मिल्ने, तुषार देशपांडे और कुलदीप सेन को भी टीम से रिलीज किया गया। नीलामी में सबसे अधिक राशि लखनऊ सुपर जाइंट्स के पास होगी जिसके पास 47.45 करोड़ रुपये बचे हैं।

इसके बाद नाइटराइडर्स के पास 41.65 करोड़ रुपये और सनराइजर्स के पास 40.15 करोड़ रुपये होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़