Kumamoto Masters Japan के फाइनल में Lakshya Sen, सेमीफाइनल में Farhan को हराया

Lakshya Sen
ANI

भारत के लक्ष्य सेन ने कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के अल्वी फरहान को 21-12, 15-21, 21-11 से हराकर लगातार दूसरे एकल फाइनल में जगह बनाई। इस जीत से बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की उनकी उम्मीदें मजबूत हुई हैं।

 भारत के लक्ष्य सेन ने शनिवार को यहां कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया के 10वें नंबर के खिलाड़ी इंडोनेशिया के अल्वी फरहान को तीन गेम में हराकर लगातार दूसरे पुरुष एकल फाइनल में जगह बनाई। दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने छठे वरीय फरहान को 21-12, 15-21, 21-11 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 

इससे हाइलो ओपन का खिताब जीतने वाले लक्ष्य की हांगझोउ में होने वाले बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदें भी मजबूत हुई हैं। आठवें वरीय लक्ष्य फिलहाल बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर रैंकिंग में 64,980 अंकों के साथ 12वें स्थान पर हैं। सत्र के अंत में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में क्वालीफाई करने के लिए उन्हें शीर्ष आठ में जगह बनानी होगी।

 फाइनल में उनका सामना जापान के कोकी वातानाबे और दूसरे वरीय थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसार्न के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। सुपर 500 टूर्नामेंट का खिताब जीतने पर लक्ष्य को 9,200 अंक मिलेंगे जबकि उपविजेता रहने पर उन्हें 7,800 अंक हासिल होंगे। दोनों ही परिणाम उन्हें बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर रैंकिंग के शीर्ष आठ में पहुंचा सकते हैं। हालांकि हांगकांग ओपन सुपर 500 और सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 टूर्नामेंट अभी बाकी हैं जिससे रैंकिंग में बदलाव की संभावना बनी रहेगी। 

लक्ष्य इससे पहले फरहान के खिलाफ अपने दोनों मुकाबले हार चुके थे और इंडोनेशियाई खिलाड़ी के खिलाफ एक भी गेम नहीं जीत पाए थे। लेकिन शनिवार को उन्होंने शानदार वापसी करते हुए पिछली हार का हिसाब बराबर कर दिया। लक्ष्य ने कहा, ‘‘यहां खेलकर बहुत अच्छा लगता है। मैं पिछली बार के प्रदर्शन में सुधार करना चाहता था और आज अपने खेल से खुश हूं। अब फिर से उबरने और कल के बेहद कठिन मुकाबले की तैयारी करने का समय है।’’ 

फरहान तेज गति और आक्रामक खेल के लिए जाने जाते हैं तथा लंबी रैलियों में उलझने के बजाय तेजी से अंक हासिल करने की कोशिश करते हैं। लक्ष्य ने उनके खेल का मुकाबला करने के लिए धैर्य के साथ रैलियां बनाने और सही मौके पर आक्रमण करने की रणनीति अपनाई। लक्ष्य ने सटीक रिटर्न और फरहान के फोरहैंड को निशाना बनाते हुए 5-1 की बढ़त हासिल की। इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने स्कोर 3-6 किया लेकिन इसके बाद सर्विस में गलती कर बैठे। लक्ष्य ने उन्हें खेल की गति पर नियंत्रण बनाने या खुद पर दबाव डालने का मौका नहीं दिया। 

फरहान ने सर्विस में एक और गलती की जिससे लक्ष्य ब्रेक तक तक चार अंक की बढ़त बनाने में सफल रहे। भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य के साथ रैलियां बनाना जारी रखा और सही मौके पर विनर लगाए। ब्रेक के बाद फरहान ने दो बार शटल कोर्ट से बाहर मारी जिससे लक्ष्य 14-8 से आगे हो गए और उन्होंने इस बढ़त को 18-10 किया। फरहान का स्मैश कोर्ट से बाहर चला गया और इसके बाद एक अन्य शॉट भी बाहर गया जिससे लक्ष्य को आठ गेम प्वाइंट मिले। इंडोनेशियाई खिलाड़ी के एक और शॉट के बाहर जाने से भारतीय खिलाड़ी ने पहला गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में लक्ष्य ने अपने शानदार रक्षात्मक खेल का परिचय दिया। 1-2 से पिछड़ने के दौरान उन्होंने 57 शॉट की लंबी रैली में फरहान के हर हमले का जवाब दिया और अंत में इंडोनेशियाई खिलाड़ी का शॉट नेट में उलझ गया। 

हालांकि इसके बाद लक्ष्य के कई गलतियां की जिससे वह 4-9 से पिछड़ गए। दूसरी ओर फरहान ने धैर्य और नियंत्रण के साथ खेलते हुए गेम में अपनी पकड़ मजबूत की। लक्ष्य कुछ रक्षात्मक नजर आए और एक स्मैश बाहर मारने के कारण फरहान की बढ़त सात अंक की हो गई। ब्रेक के बाद लक्ष्य ने क्रॉस कोर्ट ड्रॉप शॉट लगाकर फरहान के लगातार सात अंक जीतने के सिलसिले को तोड़ा। इसके बाद उन्होंने क्रॉस कोर्ट स्मैश लगाकर स्कोर 7-13 किया लेकिन अगला शॉट नेट में मार बैठे। कमजोर सर्विस का फायदा उठाकर फरहान ने जोरदार स्मैश लगाया और 17-10 की बढ़त हासिल की।

 लक्ष्य का रिटर्न बाहर जाने से फरहान को सात गेम प्वाइंट मिले। इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने इनमें से दो मौके गंवाए लेकिन लक्ष्य के एक और शॉट बाहर मारने से मुकाबला 1-1 से बराबर हो गया। निर्णायक गेम में लक्ष्य ने शानदार शुरुआत करते हुए 6-3 की बढ़त बना ली। इसके बाद जोरदार स्मैश के दम पर वह 8-5 से आगे हो गए। इसी दौरान फरहान ने अंगुली से खून निकलने के कारण मेडिकल टाइमआउट लिया। लक्ष्य ने अपना चिरपरिचित जंप स्मैश लगाकर स्कोर 10-6 कर दिया। एक अन्य शॉट को पहले बाहर गिरा करार दिया गया लेकिन रीप्ले में वह लाइन के अंदर गिरता दिखाई दिया। 

इससे ब्रेक तक लक्ष्य की बढ़त पांच अंक की हो गई। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद भी अपनी लय बरकरार रखी और लगातार दो स्मैश लगाकर 15-7 की बढ़त हासिल कर ली। फरहान का एक और शॉट बाहर जाने से लक्ष्य जीत से सिर्फ दो अंक दूर रह गए। इसके बाद इंडोनेशियाई खिलाड़ी की एक और गलती से लक्ष्य को 10 मैच प्वाइंट मिले और भारतीय खिलाड़ी ने जोरदार स्मैश लगाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। लक्ष्य ने कहा कि निर्णायक गेम में शुरुआती बढ़त हासिल करने से उनके लिए मुकाबला आसान हो गया। उन्होंने कहा, ‘‘तीसरे गेम में शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखना महत्वपूर्ण था। जब स्कोर 11-6 हो गया तो कोर्ट बदलने के बाद के अगले तीन अंक बेहद अहम थे।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़