Mauricio Pochettino बनेंगे Manchester United के नए मैनेजर, Michael Carrick की हुई छुट्टी

मैनचेस्टर यूनाइटेड ने खराब प्रदर्शन के चलते माइकल कैरिक को मैनेजर पद से हटाकर मौरिसियो पोचेतीनो को टीम की कमान सौंपी है। फिलहाल अमेरिकी राष्ट्रीय फुटबॉल टीम से जुड़े पोचेतीनो हैती के खिलाफ मुकाबलों के बाद पद संभालेंगे। इंग्लिश क्लब यूनाइटेड इस समय अंक तालिका में 18वें स्थान पर है।
इंग्लैंड के मशहूर फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड में एक बार फिर बड़ा बदलाव हुआ है। लगातार खराब नतीजों से जूझ रही टीम ने माइकल कैरिक को मैनेजर पद से हटा दिया है। अब क्लब की कमान अर्जेंटीना के अनुभवी कोच मौरिसियो पोचेतीनो को सौंपी गई है। क्लब को उम्मीद है कि उनके आने से टीम का प्रदर्शन सुधरेगा और वह इस मुश्किल दौर से बाहर निकल सकेगी।
हालांकि, पोचेतीनो तुरंत मैनचेस्टर यूनाइटेड से नहीं जुड़ेंगे। अमेरिका फुटबॉल महासंघ ने शुक्रवार को बताया कि वह हैती के खिलाफ होने वाले आगामी मुकाबलों में अमेरिका की राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। इन मुकाबलों के बाद वह अपने सहयोगी कर्मचारियों के साथ यूनाइटेड से जुड़ जाएंगे। मैनचेस्टर यूनाइटेड ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अमेरिका फुटबॉल महासंघ के साथ समझौता हो गया है। इसके तहत पोचेतीनो और उनके सहयोगी अमेरिका की राष्ट्रीय टीम के साथ अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने के बाद क्लब में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि पोचेतीनो का नाम माइकल कैरिक की विदाई की चर्चा शुरू होने के बाद से ही इस पद के लिए सबसे आगे चल रहा था। 54 वर्षीय पोचेतीनो इससे पहले चेल्सी, पेरिस सेंट-जर्मेन, टॉटनहम हॉटस्पर और साउथैम्पटन जैसे बड़े क्लबों को संभाल चुके हैं। टॉटनहम के साथ उनके कार्यकाल में टीम 2019 में चैंपियंस लीग के फाइनल तक भी पहुंची थी। वहीं, पेरिस सेंट-जर्मेन के साथ उन्होंने फ्रांस की घरेलू प्रतियोगिताओं में खिताब जीते थे।
बता दें कि मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए मौजूदा प्रीमियर लीग सत्र बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने शुरुआती 10 मुकाबलों में सिर्फ 1 जीत हासिल की है और उसके खाते में केवल 8 अंक हैं। इस प्रदर्शन के चलते क्लब अंक तालिका में 18वें स्थान पर पहुंच गया है। सबसे नीचे मौजूद क्रिस्टल पैलेस से यूनाइटेड सिर्फ 1 अंक आगे है। सभी प्रतियोगिताओं को मिलाकर टीम ने अपने पिछले 15 मुकाबलों में केवल 3 जीत दर्ज की हैं। पिछले 40 वर्षों में लीग सत्र की यह उसकी सबसे खराब शुरुआत बताई जा रही है।
दूसरी तरफ, पोचेतीनो 2024 से अमेरिका की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मैनेजर की भूमिका निभा रहे थे। उनके नेतृत्व में अमेरिका ने 2026 फुटबॉल विश्व कप के अंतिम 16 में जगह बनाई थी। अमेरिका इस विश्व कप का सह-मेजबान भी था। अपने पद से विदाई पर पोचेतीनो ने कहा कि अमेरिका का प्रतिनिधित्व करना उनके करियर के सबसे बड़े सम्मानों में से एक रहा है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, पोचेतीनो का अमेरिका फुटबॉल महासंघ के साथ करार 2030 विश्व कप तक था। ऐसे में उन्हें बीच में क्लब से जोड़ने के लिए मैनचेस्टर यूनाइटेड को भारी मुआवजा देना पड़ सकता है। ब्रिटिश मीडिया की खबरों में भी इस रकम को काफी बड़ा बताया गया है। अब पोचेतीनो के सामने सबसे बड़ी चुनौती यूनाइटेड को अंक तालिका के निचले हिस्से से बाहर निकालना और क्लब को फिर से जीत की राह पर लाना है।
अन्य न्यूज़













