Mirra Andreeva ने Elina Svitolina को सीधे सेटों में हराकर WTA Finals जीता

Mirra Andreeva ने Elina Svitolina को सीधे सेटों में हराकर WTA Finals जीता
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

रूस की 19 वर्षीय मीरा आंद्रीवा ने इंडियन वेल्स में बिना कोई सेट गंवाए डब्ल्यूटीए फाइनल्स का खिताब अपने नाम कर लिया। खिताबी मुकाबले में उन्होंने यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को 7-5, 6-3 से पराजित किया। इस जीत के साथ वह विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गईं और उन्हें 33 लाख 70 हजार डॉलर की इनामी राशि मिली।

मीरा आंद्रीवा ने एलिना स्वितोलिना को हराकर बिना एक भी सेट गंवाए डब्ल्यूटीए फाइनल्स टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीतकर साल का शानदार अंत किया जिसमें उन्होंने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता और विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान तक पहुंचीं। रूस की 19 वर्षीय मीरा ने रविवार को यूक्रेन की 32 वर्षीय स्वितोलिना को 7-5, 6-3 से हराकर सत्र के आखिरी टूर्नामेंट में अपने सभी पांच मुकाबले जीते। इस प्रदर्शन से उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग हासिल की।

उनसे आगे केवल कजाखस्तान की एलेना रिबाकिना हैं। मीरा को इस खिताबी जीत के लिए 33 लाख 70 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि और विशेष रूप से तैयार की गई ‘अल्ट्रावायलेट पर्पल’ रंग की ‘मर्सिडीज-बेंज कन्वर्टिबल’ कार मिली। कार को इंडियन वेल्स टेनिस गार्डन के कोर्ट पर लाए जाने के बाद मीरा खुशी-खुशी ड्राइविंग सीट पर बैठीं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिए जल्द से जल्द ड्राइविंग लाइसेंस हासिल करने की शानदार प्रेरणा है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो मेरी टीम में पांच लोग हैं। मैं हमेशा उनकी गाड़ी में बैठकर सफर करने वाली राजकुमारी भी बनी रह सकती हूं।

यह भी एक विकल्प है।’’ मीरा बिना कोई सेट गंवाए डब्ल्यूटीए फाइनल्स जीतने वाली 11वीं खिलाड़ी बन गईं। उनसे पहले क्रिस एवर्ट, मार्टिना नवरातिलोवा और सेरेना विलियम्स सहित कई दिग्गज खिलाड़ी यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। इन तीनों ने यह कारनामा एक से अधिक बार किया था।

युगल वर्ग में केटरीना सिनियाकोवा और टेलर टाउनसेंड की जोड़ी ने सारा एरानी और जैस्मीन पाओलिनी की इटली की जोड़ी को 6-4, 6-3 से हराकर खिताब जीता। चेक गणराज्य की सिनियाकोवा और अमेरिका की टाउनसेंड की जोड़ी का यह साल का छठा खिताब है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़