MS Dhoni बने Chennai Super Kings के मेंटर, IPL में बतौर खिलाड़ी सफर खत्म

चेन्नई सुपरकिंग्स ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अपनी टीम का मेंटर नियुक्त किया है। इसके साथ ही टूर्नामेंट में बतौर खिलाड़ी उनका सफर समाप्त हो गया है। फ्रेंचाइजी के मालिक एन श्रीनिवासन ने कहा कि धोनी के अनुभव से टीम के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
महेंद्र सिंह धोनी का इंडियन प्रीमियर लीग में खिलाड़ी के तौर पर करियर मंगलवार को समाप्त हो गया जब उनकी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स ने उन्हें टीम का मेंटर (मार्गदर्शक) नियुक्त किया। इस 45 वर्षीय पूर्व भारतीय कप्तान के आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर खेलने को लेकर पहले से ही अटकलें लगाई जा रही थीं। बार-बार चोटिल होने के कारण पिछले कुछ वर्षों में फ्रेंचाइजी के लिए धोनी की भागीदारी सीमित होती गई थी।
सुपरकिंग्स की ओर से जारी बयान में हालांकि इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज की कोई प्रतिक्रिया शामिल नहीं थी। सुपरकिंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने बयान में कहा, ‘‘महेंद्र सिंह धोनी के बिना सुपरकिंग्स की कल्पना नहीं की जा सकती। करीब दो दशक से हम हर सफलता, मुश्किल और उतार-चढ़ाव में एक-दूसरे के साथ रहे हैं और साथ मिलकर आगे बढ़े हैं।’’ श्रीनिवासन की बेटी और फ्रेंचाइजी की सह मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा, ‘‘महेंद्र सिंह धोनी मेंटर के तौर पर सुपरकिंग्स परिवार का हिस्सा बने रहेंगे।
उनका अनुभव और विशेषज्ञता हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है, विशेषकर बदलाव के इस दौर में। टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं और उनका मार्गदर्शन सुपरकिंग्स की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा।’’ विश्व कप विजेता भारतीय कप्तान धोनी ने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। धोनी की कप्तानी में सुपरकिंग्स ने पांच आईपीएल खिताब जीते।
वह फ्रेंचाइजी के लिए 5,314 रन के साथ दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इसके अलावा वह सुपरकिंग्स के लिए सर्वाधिक 272 मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं।
अन्य न्यूज़













