Chinmoy Krishna Das को कड़ी सुरक्षा में Chittagong से Dhaka की विशेष जेल भेजा गया

बांग्लादेश में हिंदू अधिकार नेता चिन्मय कृष्ण दास को सुरक्षा कारणों और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत चटगांव जेल से ढाका के केरानीगंज स्थित विशेष कारागार में शिफ्ट किया गया है। अधिकारियों के अनुसार यह जेल प्रशासन का एक नियमित कदम है। छह में से चार मामलों में उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बावजूद अन्य मुकदमों के चलते उनकी रिहाई अभी नहीं हो सकी है।
बांग्लादेश में हिंदू अधिकार नेता चिन्मय कृष्ण दास को कड़ी सुरक्षा के बीच चटगांव केंद्रीय जेल से ढाका की एक विशेष जेल स्थानांतरित किया गया है। मीडिया की खबरों में यह जानकारी दी गई। ‘सम्मिलित सनातन जागरण जोत’ नामक संगठन के प्रवक्ता दास को बांग्लादेश के राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के आरोप में नवंबर 2024 में गिरफ्तार किया गया था।
उनकी गिरफ्तारी के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए और सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। समाचार पत्र ‘द ढाका ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने इस स्थानांतरण के पीछे कोई विशेष कारण नहीं बताया है। दास को सोमवार तड़के विशेष जेल स्थानांतरित किया गया।
चटगांव केंद्रीय जेल के अधीक्षक मोहम्मद इकबाल हुसैन के हवाले से खबर में बताया गया, ‘‘चिन्मय कृष्ण दास को ढाका के केरानीगंज स्थित विशेष कारागार स्थानांतरित किया गया है।’’ वहीं, ‘द डेली स्टार’ की खबर के मुताबिक, दास को सोमवार तड़के करीब पांच बजे चटगांव से ढाका ले जाया गया। उनका वाहन पूर्वाह्न करीब 10 बजे ढाका केंद्रीय जेल पहुंचा। हुसैन ने कहा कि दास को स्थानांतरित करने के पीछे कोई विशेष वजह नहीं है।
कैदियों को एक जेल से दूसरी जेल भेजना कारागार प्रशासन की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। अखबार ने जेल सूत्रों के हवाले से बताया कि चिन्मय दास के लिए भोजन तैयार करने वाले रंगनाथ दास ब्रह्मचारी को उनके साथ ढाका स्थानांतरित नहीं किया गया है। वह अब भी चटगांव केंद्रीय जेल में ही हैं।
नवंबर 2024 में गिरफ्तारी के बाद दास के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और तोड़फोड़ समेत कई आरोपों में मामले दर्ज किए गए थे। उनके खिलाफ कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। उच्च न्यायालय अब तक इनमें से चार मामलों में उन्हें जमानत दे चुका है।
हालांकि, शेष मामलों में कार्यवाही लंबित होने के कारण उनकी तत्काल रिहाई के आसार नहीं हैं। राजद्रोह के मामले में उनकी जमानत पर अब भी रोक लगी हुई है। वहीं, हत्या के एक मामले की सुनवाई चटगांव के त्वरित सुनवाई न्यायाधिकरण में जारी है।
हत्या का यह मामला उस घटना से जुड़ा है, जिसमें चटगांव में दास की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने एक सरकारी अभियोजक की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। दास पहले अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) से जुड़े हुए थे। वह जिस ‘सम्मिलित सनातन जागरण जोत’ संगठन से जुड़े हैं, उसने वर्ष 2024 में छात्र नीत हिंसक प्रदर्शनों के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के उपरांत देश में फैली अशांति के बीच अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, संरक्षा और उनके अधिकारों की मांग को लेकर कई रैलियां आयोजित की थीं।
अन्य न्यूज़













