Nathan McSweeney ने Virat Kohli के वीडियो देखकर सीखी स्पिन गेंदबाजी खेलने की कला

ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के बल्लेबाज नाथन मैकस्वीनी ने बताया कि भारतीय दिग्गज विराट कोहली के वीडियो देखने से उन्हें स्पिन खेलने में काफी मदद मिली। उन्होंने तीन वनडे मैचों की शृंखला में 194 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता। ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने भारत ‘ए’ के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबले जीतकर यह एकदिवसीय सीरीज अपने नाम की।
ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के बल्लेबाज नाथन मैकस्वीनी ने कहा कि विराट कोहली के वीडियो देखकर स्पिन गेंदबाजी खेलने के तरीके सीखने से उन्हें भारत ‘ए’ के खिलाफ वनडे शृंखला में अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिली। मैकस्वीनी ने तीन मैचों में 194 रन बनाए और उन्हें शृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने यूट्यूब पर कोहली के बल्लेबाजी करने के वीडियो देखकर यह जानने की कोशिश की कि वह स्पिन गेंदबाजों का सामना किस तरह करते हैं।
भारत ‘ए’ के रविवार को शृंखला का तीसरा मैच 49 रन से जीता लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने शुरूआती दो मैच जीतकर पहले ही इसे अपने नाम कर लिया था। मैकस्वीनी ने तीसरे वनडे के बाद कहा, ‘‘एक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के तौर पर भारत आना हो, तो यहां स्पिन गेंदबाजी पर विशेष ध्यान देना पड़ता है। ऐसे में आप कड़ी मेहनत करते हैं और भारतीय दिग्गज खिलाड़ियों को स्पिन के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए देखते हैं, ताकि उनसे सीख सकें।’’ इस 27 साल के बल्लेबाज ने कहा, ‘‘मैंने यूट्यूब पर विराट कोहली के वीडियो देखकर यह समझने की कोशिश की कि वह स्पिन का सामना कैसे करते हैं।
इसके अलावा स्टीव स्मिथ और उन दूसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी देखा, जिन्होंने भारत आकर अच्छा प्रदर्शन किया है। विश्लेषकों से काफी जानकारी और आंकड़े भी मिले। खुशी है कि मैं इन जानकारियों को मैदान पर अपने खेल में उतारने और उन पर अमल करने में सफल रहा।’’ मैकस्वीनी ने भारत में शृंखला जीतने को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यहां की परिस्थितियों में खुद को ढालने और क्रीज पर समय बिताने का मौका मिलना सुखद रहा।
उन्होंने कहा, ‘‘ नयी परिस्थितियों में आकर कुछ समय क्रीज पर बिताना हमेशा अच्छा होता है। किसी भी अंतरराष्ट्रीय टीम के लिए भारत में शृंखला जीतना आसान नहीं है। यहां आकर मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ क्रिकेट खेलना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है।
इसलिए हमारी टीम के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया और शृंखला जीतना सुखद अनुभव रहा।
अन्य न्यूज़













