पुणे ने बेन स्टोक्स को 14 करोड़ 50 लाख रूपये में खरीदा

[email protected] । Feb 20 2017 12:12PM

इंग्लैंड के आलराउंडर बेन स्टोक्स आईपीएल की खिलाड़ियों की नीलामी के पहले दौर में सबसे महंगे खिलाड़ी बने जब राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने उन्हें 14 करोड़ 50 लाख रूपये में खरीदा।

बेंगलुरू। इंग्लैंड के आलराउंडर बेन स्टोक्स आईपीएल की खिलाड़ियों की नीलामी के पहले दौर में सबसे महंगे खिलाड़ी बने जब राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने उन्हें 14 करोड़ 50 लाख रूपये में खरीदा। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को कप्तानी से हटाने वाली पुणे की टीम देर से बोली में शामिल हुई और 13 करोड़ रूपये से शुरूआत की। टीम ने अंतत: मुंबई इंडियन्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, रायल चैलेंजर्स बेंगलूर और सनराइजर्स हैदराबाद को पछाड़कर स्टोक्स को अपनी टीम के साथ जोड़ा। इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम में स्टोक्स के कप्तान इयोन मोर्गन को किंग्स इलेवन पंजाब ने उनकी आधार कीमत दो करोड़ रूपये में खरीदा। तेज गेंदबाजी आलराउंडर स्टोक्स को खरीदने के लिए पांच फ्रेंचाइजियों ने बोलियां लगाई। इंग्लैंड के नव नियुक्त टेस्ट उप कप्तान इस तरह 10वें टूर्नामेंट की नीलामी में पहले ‘मिलियन डालर’ खिलाड़ी बने। पुणे सुपरजाइंट्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने स्टोक्स पर बड़ा दांव लगाने के संदर्भ में कहा, ‘‘वह फार्म में चल रहा आलराउंडर है। इस अपने इस पक्ष को मजबूत करना चाहते थे। यह जुआ है, हमारे पास अच्छे युवा भारतीय खिलाड़ी हैं। हम युवाओं को बड़े खिलाड़ियों के साथ रखना चाहते थे और हम अच्छे की उम्मीद कर रहे हैं। यह जोखिम है लेकिन हम इसे लेने के लिए तैयार हैं।''

स्टोक्स के लिए शुरूआत में मुंबई, दिल्ली और आरसीबी ने बोली लगाई। बोली के 10 करोड़ 50 लाख रूपये तक पहुंचने पर मुंबई की टीम मैदान से हट गई। दिल्ली और बेंगलूर की टीम के बीच बोली जारी रही जिसके बाद सनराइजर्स की टीम इसमें शामिल हुई। लेकिन जब लग रहा था कि स्टोक्स 12 करोड़ 50 लाख रूपये में बिक जाएंगे तब पुणे की टीम मैदान में उतर गई। बायें हाथ के स्पिनर पवन नेगी के लिए आरसीबी ने एक करोड़ रूपये खर्च किए जबकि उनकी आधार कीमत 30 लाख रूपये थी। पिछले साल दिल्ली डेयरडेविल्स को आठ करोड़ 50 लाख रूपये में खरीदकर सभी को हैरान कर दिया था। दिल्ली की टीम ने न्यूजीलैंड के आलराउंडर कोरी एंडरसन को एक करोड़ रूपये में खरीदा। भारत के पूर्व आलराउंडर इरफान पठान को हालांकि कोई खरीददार नहीं मिला। उनकी आधार कीमत 50 लाख रूपये थी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़