रघुनाथ हॉकी इंडिया के संभावित खिलाड़ियों में शामिल नहीं

[email protected] । Mar 11 2017 12:29PM

अनुभवी खिलाड़ी वी आर रघुनाथ को हॉकी इंडिया ने राष्ट्रीय शिविर के लिये घोषित किये गये 33 सदस्यीय कोर संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल नहीं किया है।

नयी दिल्ली। अनुभवी खिलाड़ी वी आर रघुनाथ को हॉकी इंडिया ने राष्ट्रीय शिविर के लिये आज घोषित किये गये 33 सदस्यीय कोर संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल नहीं किया है। रघुनाथ के अलावा चयनकर्ताओं ने अनुभवी दानिश मुज्तबा और देविंदर वाल्मिकी को भी नजरअंदाज किया है। ये दोनों रियो ओलंपिक की टीम में शामिल थे। संभावित खिलाड़ियों का चयन मुख्य कोच रोलैंड ओल्टमैन्स और हॉकी इंडिया के चयनकर्ताओं ने किया। इसमें राइट बैक गुरबाज सिंह को भी जगह नहीं दी गयी है। पिछली हाकी इंडिया लीग में गुरबाज सबसे अधिक महंगे खिलाड़ी थे लेकिन हाकी इंडिया ने अब भी उन्हें बाहर रखा है। हॉकी इंडिया ने हालांकि रघुनाथ को बाहर करने के कारण नहीं बताये लेकिन सूत्रों ने संकेत दिये कि इस ड्रैग फ्लिकर ने पिछले कुछ वर्षों से लगातार खेलते रहने के बाद विश्राम देने का आग्रह किया था। सरदार सिंह और रूपिंदर पाल सिंह को एचआईएल में कमतर प्रदर्शन के बावजूद सूची में बरकरार रखा गया है। यह टीम राष्ट्रीय शिविर के लिये चुनी गयी है। शिविर 14 मार्च से बेंगलुरू में भारतीय खेल प्राधिकरण में लगेगा। सूची में पिछले साल की स्वर्ण पदक जीतने वाली जूनियर विश्व कप विजेता टीम से 11 खिलाड़ी शामिल हैं। जूनियर टीम के खिलाड़ियों ने हाल में समाप्त हुई हॉकी इंडिया लीग में अच्छा प्रदर्शन किया था। मंदीप सिंह, हरजीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह और विकास दहिया इससे पहले सीनियर पुरूष शिविर का हिस्सा रह चुके हैं। डिफेंडर दिप्सान टिर्की और गुरिंदर सिंह, मिडफील्डर सुमित नीलकांत शर्मा, मनप्रीत और सिमरनजीत सिंह, फारवर्ड गुरजांत सिंह कोर ग्रुप में शामिल किये जाने नये खिलाड़ी हैं जिन्हें अप्रैल में होने वाले सुल्तान अजलन शाह कप से पहले कड़ी ट्रेनिंग दी जायेगी जिसके बाद जून में पुरूष हाकी विश्व लीग सेमीफाइनल लंदन 2017 खेला जायेगा।

अमित रोहिदास भी कोर संभावित खिलाड़ियों की सूची का हिस्सा हैं। टीम में स्टार खिलाड़ी जैसे पीआर श्रीजेश, सरदार सिंह, रूपिंदर पाल सिंह, एसवी सुनिल, बीरेंद्र लकड़ा, कोथाजीत सिंह, एसके उथप्पा, चिंगलेनसाना सिंह, तलविंदर सिंह, रमनदीप सिंह, आकाशदीप सिंह, सुरेंदर कुमार, मनप्रीत सिंह शामिल हैं। ओल्टमैंस ने कहा, ‘‘नये साल की शुरूआत हाकी इंडिया लीग से काफी व्यस्त रही, जिसमें मुझे लगता है कि खिलाड़ियों ने दबाव में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। जैसा कि मैंने पहले कहा है कि कोर संभावित खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया 2016 और 2017 हाकी इंडिया लीग में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर की गयी है। यह भारतीय हॉकी के लिये महत्वपूर्ण वर्ष है जिसमें पुरूष हाकी विश्व लीग सेमीफाइनल लंदन 2017 और दिसंबर में विश्व लीग फाइनल होगा।''

संभावित खिलाड़ी इस प्रकार हैं।

गोलकीपर: आकाश चिकटे, पीआर श्रीजेश, विकास दहिया, सूरज करकेरा।

डिफेंडर: दिप्सान टिर्की, परदीप मोर, बीरेंद्र लकड़ा, कोथाजीत सिंह, सुरेंदर कुमार, रूपिंदरपाल सिंह, हरमनप्रीत सिंह, जसजीत सिंह कुलार, गुरिंदर सिंह, अमित रोहिदास।

मिडफील्डर: चिंगलेनसाना सिंह, एसके उथप्पा, सुमित, सतबीर सिंह, सरदार सिंह, मनप्रीत सिंह, हरजीत सिंह, नीलकांत शर्मा, मनप्रीत, सिमरनजीत सिंह।

फारवर्ड: रमनदीप सिंह, एसवी सुनील, तलविंदर सिंह, मंदीप सिंह, अफ्फान यूसुफ, निक्किन थिमैया, गुरजांत सिंह, आकाशदीप सिंह, ललित उपाध्याय।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़