Russia ने एससीओ खेलों की मेजबानी करने का प्रस्ताव रखा, भारत भी है हिस्सा

SCO Games
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Commons

आईओसी ने अपने सदस्य देशों पर रूस में खेलने से प्रतिबंधित कर रखा है जबकि भारत और चीन एससीओ का हिस्सा हैं। रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद आईओसी ने यह फैसलाकिया था।

रूस ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) खेलों की मेजबानी करने की पेशकश की है, जिससे भारत मुश्किल स्थिति में पड़ सकता है। आईओसी ने अपने सदस्य देशों पर रूस में खेलने से प्रतिबंधित कर रखा है जबकि भारत और चीन एससीओ का हिस्सा हैं। रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद आईओसी ने यह फैसलाकिया था।

इस समय भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए रूसी खेल मंत्री ओलेग मैटिसिन ने पहले एससीओ खेलों का आयोजन अपने देश में करने के लिए पहल की है। रूस के खेल मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी। मैटिसिन ने बयान में कहा, ‘‘हम एससीओ खेलों की मेजबानी करने के लिए रूस के नाम पर विचार करने का प्रस्ताव रखते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एसोसिएशन की गतिविधियों का उद्देश्य ओलंपिक, गैर-ओलंपिक, पैरालंपिक और राष्ट्रीय खेलों के विकास में संबंधों को मजबूत करना हो सकता है। एसोसिएशन एससीओ सदस्य देशों के बीच खेल गतिविधियों को बढ़ावा देगा।’’

बयान में कहा गया है कि मैटिसिन ने रूस, भारत, कजाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उजबेकिस्तान के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में भाग लिया। यदि एससीओ के सदस्य देश इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेते हैं तो इसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं क्योंकि आईओसी ने पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय खेल संघों और राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों से यूक्रेन युद्ध के बाद रूस और बेलारूस में किसी भी आयोजन में भाग नहीं लेने के लिए कहा था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़