Spanish Para-Badminton: प्रमोद भगत के साथ Thulasimathi Murugesan का धमाल, 'Double Gold' जीत बनीं नई Star

Spanish Para-Badminton
प्रतिरूप फोटो
AI Generated

पैरालंपिक चैंपियन प्रमोद भगत ने स्पेनिश पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल में एक स्वर्ण और दो रजत सहित तीन पदक जीतकर भारतीय अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने मनीषा रामदास के साथ मिश्रित युगल का स्वर्ण जीता, जबकि पुरुष एकल में हमवतन नितेश कुमार से हारकर उन्हें रजत से संतोष करना पड़ा।

टोलेडो (स्पेन) 29 मार्च पैरालंपिक चैंपियन प्रमोद भगत ने यहां एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर स्पेनिश पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल 2026 लेवल 1 में भारत के शानदार प्रदर्शन की अगुवाई की। भगत के अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि मिश्रित युगल एसएल3-एसयू5 वर्ग में जीता गया स्वर्ण पदक रहा, जिसमें उन्होंने मनीषा रामदास के साथ जोड़ी बनाई। इस भारतीय जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और जुझारूपन का प्रदर्शन करते हुए अपने ही देश के खिलाड़ियों नितेश कुमार और तुलसीमती मुरुगेसन को 30 मिनट में 21-15, 24-22 से हरा दिया।

पुरुषों के एकल एसएल3 फाइनल में भगत को हमवतन नितेश कुमार से 10-21, 17-21 से हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भगत ने सुकांत कदम के साथ मिलकर पुरुष युगल एसएल3-एसयू5 स्पर्धा में अपना दूसरा रजत पदक जीता। इस जोड़ी ने नवीन शिवकुमार और सूर्यकांत यादव की भारतीय जोड़ी के खिलाफ दमखम से मुकाबला किया, लेकिन 16-21, 21-12, 15-21 से हार गई, जिससे उन्हें रजत पदक मिला। इस टूर्नामेंट में भारत का अभियान अलग-अलग वर्गों में कई पोडियम (शीर्ष तीन) स्थान हासिल करने के कारण यादगार रहा।

नितेश कुमार ने पुरुषों के एकल एसएल3 में स्वर्ण पदक जीता, जबकि मानसी जोशी और तुलसीमती मुरुगेसन ने महिला युगल एसएल3-एसयू5 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। तुलसीमती ने महिला एकल एसयू5 वर्ग में भी स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी वर्ग में मनीषा को रजत पदक मिला।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़