Vivaan Kapoor ने ISSF विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत, भारत के लिए पक्का किया Olympic कोटा

भारतीय निशानेबाज विवान कपूर ने दोहा में पुरुष ट्रैप स्पर्धा के रोमांचक शूट-ऑफ के बाद रजत पदक हासिल किया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए देश का कोटा स्थान भी पक्का कर लिया।
भारत के विवान कपूर बृहस्पतिवार को यहां आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुष ट्रैप स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल करने से बेहद करीब से चूक गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। लेकिन इस पोडियम स्थान से देश का 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए एक कोटा भी पक्का कर दिया। जयपुर के 24 वर्षीय निशानेबाज विवान शानदार फॉर्म में थे और ऐसा लग रहा था कि वह पुरुष ट्रैप में विश्व खिताब जीतने वाले दूसरे भारतीय बन जाएंगे।
उनसे पहले मानवजीत सिंह संधू ने 2006 में क्रोएशिया के जगरेब में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में यह उपलब्धि हासिल की थी। हालांकि शूट-ऑफ में विवान एक क्ले बर्ड पर निशाना लगाने से चूक गए और कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। निर्धारित मुकाबले में दोनों निशानेबाजों ने 30 में से 29 अंक हासिल किए थे जिसके बाद विजेता का फैसला शूट-ऑफ से हुआ।
इस रजत पदक के साथ विवान अत्यंत प्रतिस्पर्धी पुरुष ट्रैप स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने वाले चौथे भारतीय बन गए। उनसे पहले दिग्गज निशानेबाज कर्णी सिंह (रजत), मानवजीत सिंह संधू और जोरावर सिंह संधू यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। इस उपलब्धि से पहले विवान का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2024 में नयी दिल्ली में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में रजत पदक जीतना था।
विवान लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए कोटा स्थान हासिल करने वाले तीसरे भारतीय निशानेबाज भी बन गए। उनसे पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जयपाल मालवीय और पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक जीतने वाले नीरज कुमार भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं। विवान फाइनल के दौरान शानदार प्रदर्शन कर रहे थे।
उनकी एकमात्र चूक 28वें निशाने पर हुई। 40 वर्षीय अलफैहान 2006 के जूनियर विश्व चैंपियन और तीन बार के एशियाई चैंपियन हैं। वह एक समय भारतीय निशानेबाज से एक अंक पीछे चल रहे थे, लेकिन विवान के 28वें निशाने पर चूकने के बाद उन्होंने स्कोर 27-27 से बराबर कर लिया।
इसके बाद दोनों निशानेबाजों ने 30 में से 29 निशाने लगाए। वे 30 का परफेक्ट स्कोर हासिल करने से मामूली अंतर से चूक गए। फिर शूट-ऑफ बेहद रोमांचक रहा।
दोनों निशानेबाजों ने अपने शुरुआती दो निशाने सही लगाए, लेकिन तीसरे निशाने पर विवान चूक गए। अनुभवी कुवैती निशानेबाज ने कोई गलती नहीं की और अपने कोच के साथ जीत का जश्न मनाया। चीन के क्यू यिंग ने कांस्य पदक जीता।
फाइनल में पहुंचे दूसरे भारतीय निशानेबाज उदयवीर सिंह जैजी छठे स्थान पर रहे। फाइनल में दो भारतीय निशानेबाजों का पहुंचना अपने आप में एक दुर्लभ उपलब्धि रही। पहली बार सीनियर विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे विवान ने कहा कि दुनिया के शीर्ष निशानेबाजों के खिलाफ खेलने के अनुभव ने उन्हें दबाव से निपटने में मदद की।
विवान ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। हमेशा की तरह मैंने अपने खेल पर ध्यान केंद्रित रखा। मैं इनमें से कुछ निशानेबाजों के खिलाफ पहले भी खेल चुका हूं।
उस अनुभव से मुझे काफी मदद मिली। इस प्रतियोगिता से पहले हमें प्रशिक्षण देने के लिए विदेशी कोच पीटर (विस्लोसन) का भी बहुत धन्यवाद। मेरे निजी कोच जियोवानी चेर्नोगोराज का भी धन्यवाद।
’’ देश के लिए ओलंपिक कोटा हासिल करने के बारे में विवान ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि देश के लिए यह उपलब्धि हासिल करना बहुत बड़ी बात है और मैं इससे बेहद खुश हूं। अब हमारे पास ओलंपिक कोटा है। उम्मीद है कि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा और लगातार बेहतर निशाने लगाने की कोशिश करूंगा।
’’ पुरुष ट्रैप टीम स्पर्धा में भारत के विवान, उदयवीर और जोरावर की तिकड़ी चौथे स्थान पर रही। टीम कुल 354 अंक हासिल कर पोलैंड और चेक गणराज्य के साथ बराबरी पर रही। हालांकि काउंटबैक के आधार पर भारतीय टीम कांस्य पदक से चूक गई।
कुवैत ने कुल 356 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि पोलैंड और चेक गणराज्य ने 354-354 अंकों के साथ क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किया। महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भारत की प्रगति दुबे (110), मनीषा कीर (107) और नीरू ढांडा (105) की टीम कुल 322 अंक के साथ सातवें स्थान पर रही। इटली ने 348 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता।
भारत की तीनों महिला निशानेबाज आठ खिलाड़ियों के व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहीं।
अन्य न्यूज़













