VVS Laxman अब सीनियर चयन समिति की सभी बैठकों में रहेंगे मौजूद, BCCI का फैसला

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और चयनकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के लिए यह अहम कदम उठाया है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के अनुसार, मुंबई में हुई समीक्षा बैठक में वीवीएस लक्ष्मण को चयन प्रक्रिया का नियमित हिस्सा बनाने का निर्णय लिया गया। इससे चोटिल खिलाड़ियों की स्थिति और समयसीमा को लेकर चयनकर्ताओं को सटीक जानकारी मिल सकेगी।

(कुशान सरकार) नयी दिल्ली, छह अक्टूबर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण भविष्य में सीनियर चयन समिति की सभी बैठकों में शामिल होंगे। वह गुवाहाटी में टी20 अंतरराष्ट्रीय और भारत ए टीम के चयन के लिए हुई बैठक में भी मौजूद थे। सैकिया ने पीटीआई से कहा, ‘‘अब से वीवीएस लक्ष्मण सीनियर चयन समिति की सभी बैठकों में शामिल होंगे ताकि चयनकर्ताओं और सीओई के बीच किसी तरह की संवादहीनता नहीं हो।’’ लक्ष्मण और अब पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के बीच संवाद की स्पष्ट कमी रही थी।

माना जाता है कि चोटिल खिलाड़ियों के बारे में सीओई की ओर से समयसीमा की जानकारी नहीं मिलने के कारण कई बार अप्रिय स्थिति पैदा हुई। सैकिया ने कहा, ‘‘मुंबई में हुई समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया कि सीओई के क्रिकेट प्रमुख के तौर पर लक्ष्मण आगे से सभी बैठकों में शामिल होंगे। इसका उद्देश्य संवादहीनता को रोकना और चयनकर्ताओं को सही निर्णय लेने के लिए सटीक जानकारी उपलब्ध कराना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़