क्या आप जानते हैं क्रिसमस फ्लॉवर के विशेष महत्व को

christmas-flower-also-has-special-importance-on-christmas

क्रिसमस फ्लॉवर मुख्य रूप से मैक्सिको और मध्य अमेरिका में पाया जाता है, यह यहां के नम जंगलों और पहाड़ी चट्टानों के किनारे प्राकृतिक रूप से उगता है। इस फूल को मैक्सिकन फ्लेम लीफ, क्रिसमस ईव फ्लॉवर, विंटर रोज, नोकेना बुएना इत्यादि नाम से जाना जाता है।

दुनिया भर में ईसा मसीह के जन्मदिन का उत्सव क्रिसमस 25 दिसंबर को धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन क्रिसमस ट्री का तो महत्व है ही साथ ही एक विशेष फूल जिसे क्रिसमस फूल कहा जाता है को भी पवित्रता के लिए जाता है, जो क्रिसमस पर गिरजाघरों और घरों की सजावट के लिए उपयोग किया जाता है। 

जी हां, बात हो रही है क्रिसमस स्टार और क्रिसमस फ्लॉवर के नाम से जाने जाने वाले फ्लॉवर पोइंसेटिया की जो चटक लाल रंग का होता है। इस फ्लॉवर का वैज्ञानिक नाम ‘यूफोरबिया फ्लचेरिमा’ है जिसके लाल-हरे पत्ते एक साथ मिलकर एक सुन्दर सितारेनुमा फूल जैसी संरचना का निर्माण करते हैं। इसकी पत्तियों के इस संयोजन को कटोरिया नाम से भी जाना जाता है। इस फ्लॉवर की प्रत्येक संरचना में लगभग बारह से पन्द्रह तक बड़ी-बड़ी लाल पत्तियां होती हैं जिनके मध्य में पीले रंग की प्यालेनुमा मकरंद ग्रंथि होती है जिसमें मकरंद भरा होता है।

क्रिसमस फ्लॉवर की विशेषता है कि इसके हरे पत्ते 25 दिसंबर के आते-आते रंगीन होने लगते हैं और क्रिसमस तक ये काफी संख्या में एक साथ नजर आते हैं। इसके हरे पत्तों को लाल रंग में परिवर्तन के लिए दिन की तेज धूप और रात का अंधकार दोनों जरूरी होते हैं जो दिसम्बर जनवरी माह में इसे पर्याप्त रूप से मिलते हैं। क्रिसमस फ्लॉवर को सफलता के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।

क्रिसमस फ्लॉवर मुख्य रूप से मैक्सिको और मध्य अमेरिका में पाया जाता है, यह यहां के नम जंगलों और पहाड़ी चट्टानों के किनारे प्राकृतिक रूप से उगता है। इस फूल को मैक्सिकन फ्लेम लीफ, क्रिसमस ईव फ्लॉवर, विंटर रोज, नोकेना बुएना इत्यादि नाम से जाना जाता है। स्पेन में इसे फ्लॉवर दे पास्कुआ यानि ईस्टर फूल और चिली व पेरू में क्राउन ऑफ एंडीस के नाम से जाना जाता है। 

इस फूल को लेकर मैक्सिकन किवदंती भी है, कहा जाता है 16 वीं शताब्दी में मारिया नाम की एक गरीब लड़की जिसके पास जीसस के जन्मदिन समारोह में देने के लिए कोई उपहार नहीं था वह गिरिजाघर के बाहर दुखी होकर बैठी थी, वहां किसी संत ने उसे कुछ खरपतवार दिए जिसे उस लड़की ने चर्च के दरवाजे पर जीसस को उपहार स्वरूप रख दिए जो वहां लाल रंग के सुंदर सितारेनुमा फूल में बदल गए। जिन्हें देखकर वह गरीब लड़की बहुत प्रसन्न हुई।

आपको बता दें कि सफलता और पवित्रता के प्रतीक स्टारनुमा सुंदर क्रिसमस फ्लॉवर को अब क्रिसमस के अलावा भी बहुत से उत्सवों में सजावट के लिए उपयोग किया जाता है। इसके पौधे को कुछ विशेष देखभाल टिप्स के साथ घरों में भी लगाया जा सकता है, इसे किसी नर्सरी से अथवा ऑनलाइन शॉपिंग कर खरीदा जा सकता है।

अमृता गोस्वामी

All the updates here:

अन्य न्यूज़