व्हाइट सॉस में बनाएं पास्ता, बच्चों को आएगा बेहद पसंद
पास्ता का नाम सुनते ही बच्चों के चेहरे पर मुस्कान छा जाती है। आप चाहे किसी भी पार्टी में जाएं, अगर वहां पर पास्ता हो तो बच्चे उस पर टूट ही पड़ते हैं। वैसे पास्ता जितना बच्चों को पसंद आता है, उतना ही ज्यादा बड़ों का भी फेवरिट होता है।
पास्ता का नाम सुनते ही बच्चों के चेहरे पर एक बड़ी सी मुस्कान छा जाती है। आप चाहे किसी भी पार्टी में जाएं, अगर वहां पर पास्ता हो तो बच्चे उस पर टूट ही पड़ते हैं। वैसे पास्ता जितना बच्चों को पसंद आता है, उतना ही ज्यादा बड़ों का भी फेवरिट होता है। लेकिन अक्सर लोग इसे घर पर महज इसलिए नहीं बनाते क्योंकि उन्हें इसे बनाना ही नहीं आता। तो चलिए आज हम आपको व्हाइट सॉस में पास्ता बनाने की विधि के बारे में बता रहे हैं−
सामग्री
200 ग्राम पेनी पास्ता
नमक स्वादानुसार
ऑयल
आधा कटा हुआ प्याज
बारीक कटा लहसुन
एक छोटी गाजर
आधी कटी हुई शिमला मिर्च
कार्न
काली मिर्च पाउडर
चार टेबलस्पून मक्खन
चार टेबलस्पून मैदा
दो कप मिल्क
रेड चिली फलेक्स
मिक्स्ड हर्ब्स सीजनिंग
चार से पांच टेबलस्पून ग्रेट किया हुआ चीज
विधि− व्हाइट सॉस पास्ता बनाने के लिए सबसे पहले आपको पास्ता को उबालना होगा। इसके लिए आप सबसे पहले एक बड़ी कड़ाही में चार से पांच कप पानी डालकर इसमें एक चम्मच नमक और आधा चम्मच तेल डालकर चलाएं। जब यह पानी उबलने लगे तो इसमें पास्ता डालें और पकाएं। बीच−बीच में आप इसे चलाते रहें ताकि यह चिपके नहीं। ध्यान रखें कि आपको पास्ता करीबन 80 प्रतिशत पकाना है। जब यह पक जाएं तो आप छलनी की मदद से इसका अतिरिक्त पानी निकाल लें। और फिर पास्ता को नार्मल पानी की मदद से धो लें।
अब आप एक पैन लें और उसमें थोड़ा ऑयल डालें। अब आप तेल के हल्का गर्म होने पर उसमें बारीक कटा लहसुन डालें। इसके बाद इसमें प्याज डालें। करीबन दो−तीन मिनट तक इसे चलाने के बाद इसमें गाजर, शिमला मिर्च व कार्न डालकर चलाएं। ध्यान रखें कि आपको सब्जियों को बहुत ज्यादा नहीं पकाना है, वरना इनका कंरचीनेस खत्म हो जाएगी। अब आप इसमें थोड़ा सा नमक व आधा टीस्पून काली मिर्च का पाउडर डालकर मिक्स करें व गैस को ऑफ कर दें।
अब बारी आती है व्हाइट सॉस बनाने की। इसे बनाने के लिए आप एक दूसरे पैन में मक्खन डालें। ध्यान रखें कि गैस की आंच मध्यम ही हो। इसके बाद इसमें मैदा डालकर तीन से चार मिनट तक पकाएं ताकि मैदे का कच्चापन दूर हो जाए। अब आप इसमें दूध डालें व लगातार चलाते रहें ताकि इसमें किसी तरह की गांठें न पड़ें। थोडी देर बाद आप देखेंगे कि मिक्सचर गाढ़ा हो गया है। अब आप इसमें थोड़ा सा नमक, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच रेड चिली फलेक्स व आधा चम्मच मिक्स हर्ब सीजनिंग डालकर मिलाएं और पकाएं।
अब आप इसमें तैयार की हुई वेजीटेबल और पास्ता डालें और मिक्स करते हुए चार से पांच मिनट तक पकाएं। अगर इस दौरान आपको व्हाइट सॉस थोड़ा थिक लग रही है तो आप इसमें थोड़ा सा दूध मिला सकते हैं। अंत में आप इसमें ग्रेटेड चीज मिलाएं। आपका पास्ता विद व्हाइट सॉस तैयार है। बस इसे प्लेट में निकालें और परिवार के साथ मजे लेकर खाएं।
-मिताली जैन
अन्य न्यूज़