Vedic Rituals: धार्मिक अनुष्ठान में स्वस्तिवाचन और शांति पाठ से मिलती है मानसिक शांति और खुशहाली

हिंदू धर्म में धार्मिक अनुष्ठान और पूजा की शुरुआत स्वस्तिवाचन मंत्र से की जाती है। इस वैदिक मंत्र के माध्यम से इंद्र, पूषा और बृहस्पति जैसे देवताओं का स्मरण कर सुख, शांति और सुरक्षा की कामना की जाती है। पूजा के आरंभ और समापन पर इसके पाठ से वातावरण शुद्ध होता है और मन में शांति आती है।
हिंदू धर्म में पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों को कई वैदिक मंत्रों के उच्चारण से शुरू किया जाता है। इनमें स्वास्तिवाचन मंत्र का विशेष महत्व होता है। 'स्वस्ति' शब्द का अर्थ है कल्याण, मंगल और शुभता से है। इसलिए स्वस्तिवाचन का भाव है, सबका मंगल हो, सभी के जीवन में शांति बनी रहे और सभी लोग सुरक्षित रहें। यह मंत्र वैदिक परंपरा से जुड़ा है और हवन, पूजन तथा धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान इस मंत्र का पाठ किया जाता है। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए स्वस्तिवाचन मंत्र और इसके महत्व के बारे में बताने जा रहे हैं।
जानें क्या है स्वस्तिवाचन मंत्र
स्वस्तिवाचन मंत्र जाप करके देवताओं से सुख, शांति, सुरक्षा, कल्याण और सेहत की प्रार्थना की जाती है। इस मंत्र में अलग-अलग देव शक्तियों से व्यक्ति अपने और समाज के कल्याणी की कामना करता है। स्वास्तिवाचन मंत्र कुछ इस प्रकार है।
स्वस्तिवाचन मंत्र
"ॐ स्वस्ति न इन्द्रो वृद्धश्रवाः।
स्वस्ति नः पूषा विश्ववेदाः।
स्वस्ति नस्तार्क्ष्यो अरिष्टनेमिः।
स्वस्ति नो बृहस्पतिर्दधातु।
ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः॥"
मंत्र में इन देवताओं का किया जाता है स्मरण
स्वस्तिवाचन मंत्र में इंद्र, पूषा, तार्क्ष्य और बृहस्पति जैसी दिव्य का स्मरण किया जाता है। साथ ही जातक अपने जीवन के कल्याण की प्रार्थना करता है। मंत्र जाप की सहायता से देवराज इंद्र से शक्ति और सुरक्षा, पूषा से मार्गदर्शन और पोषण तथा बृहस्पति से शुभ बुद्धि और ज्ञान की कामना की जाती है। इस तरह से पूरे मंत्र जाप के साथ जातक अपने कल्याण की भावना को प्रकट करता है।
क्यों किया जाता है स्वस्तिवाचन मंत्र का जाप
पूजा या अनुष्ठान की शुरूआत में इस मंत्र के जाप करने का उद्देश्य मंगल कामना और मन को पूजा के लिए तैयार करना माना जाता है। मंत्रों के उच्चारण से वातावरण में एकाग्रता और शांति का भाव उत्पन्न होता है। कई पूजन विधियों में स्वस्तिवाचन के दौरान जल से आचमन भी होता है, जोकि मंगल और शुद्धि का प्रतीक माना जाता है।
पूजा के अंत में स्वस्तिवाचन मंत्र जाप
कई पूजा और अनुष्ठानों के समापन पर भी स्वस्तिवाचन या शांति मंत्रों का पाठ किया जाता है। इसका उद्देश्य सभी की शांति, सुख और कल्याण की प्रार्थना के लिए किया जाता है। अंत में 'ऊँ शांति: शाति: शांति:' का उच्चारण करके वातावरण, मन और जीवन में शांति की कामना की जाती है। इसलिए सकारात्मक भावना से इस मंत्र का जाप करने से जातक के जीवन में खुशहाली बनी रहती है।
अन्य न्यूज़














