US Dollar के मुकाबले Rupee में छह पैसे की मजबूती, 94.13 के स्तर पर पहुंचा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान भारतीय मुद्रा में सुधार दर्ज किया गया। कच्चे तेल के दामों में गिरावट और घरेलू शेयर बाजारों के सकारात्मक रुख ने इस तेजी को समर्थन दिया। हालांकि मजबूत डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में बढ़ोतरी ने बढ़त की रफ्तार को सीमित रखा।

रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में छह पैसे चढ़कर 94.13 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख से घरेलू मुद्रा को बल मिला। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच अनिश्चितता के बीच डॉलर में मजबूती और अमेरिकी कोष बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि ने रुपये की बढ़त को सीमित किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.22 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.13 के उच्च स्तर और 94.25 के निचले स्तर तक गया। रुपया शुक्रवार को सात पैसे टूटकर 94.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 103.44 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 414.36 अंक उछलकर 82,010.15 अंक पर जबकि निफ्टी 102.10 अंक चढ़कर 25,252.50 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.03 प्रतिशत फिसलकर 94.85 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 5,736.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़