लता मंगेशकर ने गिरिजा देवी के निधन पर शोक जताया

Melody queen Lata Mangeshkar saddened at Girija Devi death

सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर ने लोकप्रिय ठुमरी गायिका गिरिजा देवी के निधन पर शोक जताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

नयी दिल्ली। सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर ने लोकप्रिय ठुमरी गायिका गिरिजा देवी के निधन पर शोक जताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। पद्म विभूषण से सम्मानित प्रख्यात शास्त्रीय गायिका गिरिजा देवी का कल रात दिल का दौरा पड़ने के बाद यहां एक अस्पताल में 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार में उनकी एक बेटी है।

लता ने ट्वीट किया है, ‘‘महान शास्त्रीय और ठुमरी गायिका गिरिजा देवी जी हमारे बीच नहीं रहीं, यह सुन कर मुझे बहुत दुख हुआ। हमारे उनके साथ बहुत अच्छे संबंध थे।’’ उन्होंने लिखा है, ‘‘गिरिजा देवी एक बहुत अच्छी महिला थीं। मैं उनको श्रद्धांजलि अर्पण करती हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’

ठुमरी की मलिका कहलाने वाली गिरिजा देवी को प्रेम से अप्पाजी बुलाया जाता था। बनारस घराने की गायिका को वर्ष 1972 में पद्मश्री सम्मान मिला था। वर्ष 1989 में उन्हें पद्म भूषण और 2016 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उनका जन्म आठ मई 1929 को बनारस के निकट एक गांव में जमींदार परिवार में हुआ था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़