Eetha के लिए Shraddha Kapoor ने नहीं छोड़ी कोई कसर, 25 दिनों तक 8 किलो के घुंघरू पहनकर 8 घंटे की रिहर्सल

Shraddha Kapoor Eetha Movie
INSTAGRAM
एकता । Nov 25 2026 12:42PM

निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की फिल्म ईथा में श्रद्धा कपूर मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। इस किरदार के लिए श्रद्धा ने दोनों पैरों में आठ किलो के घुंघरू बांधकर रोजाना आठ घंटे अभ्यास किया। मांसपेशियों में खिंचाव जैसी दिक्कतों का सामना करने के बाद बनी यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर इन दिनों वह निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की फिल्म 'ईथा' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में श्रद्धा महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं। इस भूमिका को पर्दे पर उतारने के लिए श्रद्धा ने काफी मेहनत की है। उन्होंने लावणी नृत्य की बारीकियां सीखने से लेकर लंबे समय तक रिहर्सल किया। फिल्म के गाने 'जी जी रे जी' के लॉन्च कार्यक्रम में निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने श्रद्धा की तैयारी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा बताया, जिससे उनकी मेहनत का अंदाजा लगाया जा सकता है।

हर पैर में बांधती थीं 4 किलो के घुंघरू

फिल्म 'ईथा' के प्रचार कार्यक्रम में निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने मराठी में श्रद्धा की तारीफ करते हुए कहा कि इस किरदार के लिए उनके अलावा कोई और सही विकल्प नहीं था। उन्होंने कहा, "श्रद्धा के अलावा इस किरदार को कोई और नहीं निभा सकता था। इंडस्ट्री में कोई दूसरा ऐसा नहीं है, जो इस किरदार के साथ पूरा न्याय कर पाता। श्रद्धा अपने किरदार में जिस तरह की पवित्रता लेकर आती हैं, वह बेमिसाल है।"

लक्ष्मण उतेकर ने बताया कि श्रद्धा ने हर गाने के लिए 25 दिनों तक रिहर्सल किया। इस दौरान वह हर पैर में 4 किलो के घुंघरू बांधकर रोजाना आठ घंटे रिहर्सल करती थीं। यानी दोनों पैरों में कुल 8 किलो के घुंघरू पहनकर वह रिहर्सल करती थीं। निर्देशक के मुताबिक, लगातार रिहर्सल करने की वजह से श्रद्धा के पैरों में सूजन भी आ जाती थी। उन्होंने तमाशा और लावणी की दुनिया को करीब से समझने और इस कला को सीखने के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित कर दिया था।

इसे भी पढ़ें: उनके बिना जिंदगी खाली है, Dharmendra की पहली पुण्यतिथि पर भावुक हुईं Hema Malini

मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रोकनी पड़ी शूटिंग

लक्ष्मण उतेकर ने शूटिंग के दौरान हुई एक परेशानी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि गाने की शूटिंग का पहला दिन अच्छा रहा, लेकिन दूसरे दिन श्रद्धा की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। इसके बाद फिल्म की शूटिंग रोकनी पड़ी।

इसे भी पढ़ें: Avinash Mishra-Eisha Singh Controversy के बीच Kashish Kapoor ने शेयर की क्रिप्टिक पोस्ट

'ईथा' में नजर आएंगे ये कलाकार

'ईथा' एक जीवनी पर आधारित ड्रामा फिल्म है। इसमें श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब दर्शकों को फिल्म में श्रद्धा कपूर के इस नए अंदाज को देखने का इंतजार है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़