उत्तर Karnataka 10 साल में बन सकता है अलग राज्य, BJP विधायक Balakrishna Jarkiholi का दावा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कर्नाटक के अरबावी से भाजपा विधायक बालकृष्ण जारकीहोली ने बेलगावी में कहा कि क्षेत्र के व्यापक विकास के लिए उत्तर कर्नाटक को अलग राज्य बनाने की मांग अगले पांच से दस वर्षों में हकीकत बन सकती है। उन्होंने पूर्व मंत्री उमेश कट्टी के विचारों का उल्लेख करते हुए बताया कि बेलगावी में सुवर्ण विधान सौध बनने के बाद भी क्षेत्र की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रगति नहीं हुई। आगामी शीतकालीन सत्र में पार्टी उत्तर कर्नाटक की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक बालकृष्ण जारकीहोली ने कहा है कि उत्तर कर्नाटक को अलग राज्य बनाने की मांग अगले पांच से 10 वर्ष में हकीकत बन सकती है। जारकीहोली का यह बयान बेलगावी में दो दिसंबर से शुरू होने वाले कर्नाटक विधानमंडल के शीतकालीन सत्र से करीब एक सप्ताह पहले आया है। इस सत्र में क्षेत्रीय विकास और उत्तर कर्नाटक की पुरानी लंबित मांगों पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है।

विधानमंडल के वार्षिक सत्र से पहले उत्तर कर्नाटक, विशेषकर बेलगावी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो जाती हैं। महाराष्ट्र एकीकरण समिति (एमईएस) ने बेलगावी को कर्नाटक से अलग कर महाराष्ट्र में मिलाने की अपनी दशकों पुरानी मांग फिर उठाई है। अरबावी के विधायक जारकीहोली ने उत्तर कर्नाटक को अलग राज्य बनाने की पूर्व मंत्री उमेश कट्टी की मांग को याद करते हुए मंगलवार को कहा, ‘‘कभी-कभी हमें भी लगता था कि यह एक अच्छा विचार हो सकता है।

वह कहा करते थे कि यदि उत्तर कर्नाटक अलग राज्य बनता है तो बेलगावी उसकी राजधानी होगी और क्षेत्र का जबरदस्त विकास होगा।’’ पूर्व मंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि बेलगावी में सुवर्ण विधान सौध का निर्माण इस क्षेत्र को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया था लेकिन क्षेत्र का अपेक्षा के अनुरूप विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘विकास हुआ है लेकिन उतना नहीं हुआ जितना होना चाहिए था। यदि व्यापक विकास करना है तो हमें अपना अलग राज्य बनाने की उनकी बात पर विचार करना होगा।’’ जारकीहोली ने कहा कि भाजपा उत्तर कर्नाटक की समस्याओं को गंभीरता से उठाएगी और लोगों को राहत दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।

अलग राज्य की मांग को समर्थन मिलने के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘हो सकता है कि पांच या 10 साल बाद इस दिशा में कुछ प्रगति हो। ऐसा निश्चित रूप से हो सकता है। देखते हैं कि उस समय क्या होता है।’’ पूरा शीतकालीन सत्र उत्तर कर्नाटक से जुड़े मुद्दों को समर्पित करने की मांग पर भाजपा विधायक ने कहा कि वह इस मामले को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष और विधायक दल की बैठक में उठाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘यदि सत्र के सभी नौ दिन उत्तर कर्नाटक को समर्पित करना संभव नहीं हुआ तो हम कम से कम पांच दिन इस क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए निर्धारित कराने का प्रयास करेंगे।’’ अरबावी के विधायक जारकीहोली उन पांच जारकीहोली भाइयों में से एक हैं जिनका बेलगावी में काफी प्रभाव है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़