Amazon Great Indian Festival: शुरुआती दौर में मिले दोगुने से ज्यादा ऑर्डर

ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन इंडिया की त्योहारी सेल में शुरुआती चरण के दौरान उत्पादों के ऑर्डरों में पिछले साल की तुलना में 100 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस दौरान मंच पर 44 करोड़ से ज्यादा विजिट हुए, जिनमें से 72 फीसदी से अधिक ग्राहक देश के शीर्ष नौ महानगरों के बाहर से आए।
अमेजन इंडिया की ‘ग्रेट इंडियन फेस्टिवल 2026’ सेल की शानदार शुरुआत हुई और पिछले साल की समान अवधि की तुलना में इस बार शुरुआती चरण में ऑर्डर किए गए उत्पादों की संख्या दोगुने से अधिक रही, जबकि उसके शॉपिंग मंच पर लोगों ने 44 करोड़ से अधिक बार ‘विजिट’ किया। ये आंकड़ें देश के बड़े शहरों से बाहर भी ऑनलाइन खरीदारी की बढ़ती मांग और ग्राहकों के महंगे उत्पादों की ओर किए जा रहे रुख को दर्शाते हैं। अमेजन ने जारी बयान में कहा कि उसके मंच पर कुल ‘विजिट’ में से 72 प्रतिशत से अधिक ऐसे विजिटर थे जो भारत के शीर्ष नौ महानगरों के बाहर से थे।
वहीं, पहली बार खरीदारी करने वाले ग्राहकों की संख्या में करीब 100 प्रतिशत की वृद्धि हुई। शुरुआती रुझानों में स्मार्टफोन, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन, सौंदर्य उत्पादों, घरेलू उपकरणों और रोजमर्रा के सामान की मजबूत मांग देखने को मिली। सेल की शुरुआत ऐसे समय हुई है, जब ऑनलाइन खुदरा कंपनियां त्योहारों के दौरान खरीदारी का बड़ा हिस्सा हासिल करने के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं।
इसके लिए वे छूट, बैंक ऑफर, पुराने उत्पादों के बदले छूट और किस्तों में भुगतान जैसी सुविधाएं दे रही हैं। अमेजन इंडिया के उपाध्यक्ष सौरभ श्रीवास्तव ने कहा, “अमेजन ग्रेट इंडियन फेस्टिवल 2026 के शुरुआती रुझान ने हमारी उम्मीदों से भी ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया है।” उन्होंने कहा, ‘‘कंपनी ने ऑर्डर किए गए उत्पादों की संख्या में 100 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की है। प्राइम सदस्यों के लिए अतिरिक्त बचत, तत्काल बैंक छूट, पुराने उत्पादों के बदले लाभ, बिना ब्याज की ईएमआई, अमेजन पे लेटर और अन्य योजनाओं से ग्राहकों को उनकी पसंद के उत्पाद खरीदने में मदद मिली है।’’ कंपनी के अनुसार उसके शॉपिंग ऐप को एक दिन में रिकॉर्ड संख्या में डाउनलोड किया गया, जो साधारण कारोबारी दिन के मुकाबले पांच गुना अधिक था।
अमेजन ने कहा कि देश के हर पिनकोड से ग्राहकों ने ऑर्डर दिए। सेल के दौरान खरीदी गई हर तीन में से एक इकाई पर ग्राहकों को कैशबैक मिला। वहीं, शुरुआती 12 घंटों में प्राइम सदस्यों ने विशेष ऑफर के जरिये पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले दोगुने से अधिक बचत की।
अन्य न्यूज़













