Red Bull India से FSSAI ने मांगा जवाब, एनर्जी ड्रिंक दावे पर मांगे वैज्ञानिक साक्ष्य

खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने सोमवार को रेड बुल इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। नियामक ने पूछा है कि पेय की ज्यादातर ऊर्जा चीनी और कैफीन से मिलने के कारण इस पर एनर्जी ड्रिंक लेबल लगाने पर रोक क्यों न लगे। कंपनी को वैज्ञानिक साक्ष्य और नियामकीय प्रावधान प्रस्तुत करने के लिए सात दिन का समय मिला है।
खाद्य सुरक्षा नियामक एफएसएसएआई ने सोमवार को रेड बुल इंडिया से अपने लोकप्रिय पेय को ‘एनर्जी ड्रिंक’ के रूप में पेश करने के समर्थन में वैज्ञानिक साक्ष्य उपलब्ध कराने को कहा है। इसके साथ ही नियामक ने कंपनियों के भ्रामक दावों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सूत्रों ने सोमवार को बताया कि एफएसएसएआई ने कहा है कि रेड बुल एनर्जी ड्रिंक की घोषित ऊर्जा सामग्री का एक बड़ा हिस्सा अतिरिक्त चीनी और कैफीन से प्राप्त होता है।
नियामक ने कंपनी से यह भी पूछा है कि उसके उत्पाद पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ का लेबल लगाने पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगाया जाना चाहिए। छह महीने से भी कम समय में यह कम से कम दूसरी बार है जब रेड बुल इंडिया खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की जांच के दायरे में आई है। जून में नियामक ने कंपनी को ‘एनर्जी ड्रिंक’ का लेबल हटाने का आदेश दिया था, लेकिन कंपनी की याचिका पर दिल्ली उच्च न्यायालय ने इस आदेश पर रोक लगा दी थी।
सूत्रों के मुताबिक, ताजा कारण बताओ नोटिस में एफएसएसएआई ने रेड बुल इंडिया से अपने दावों के समर्थन में विस्तृत स्पष्टीकरण देने को कहा है। कंपनी को इसके लिए प्रासंगिक वैज्ञानिक साक्ष्य और उत्पाद पर इस तरह का लेबल लगाने की अनुमति देने वाले नियामकीय प्रावधान भी प्रस्तुत करने होंगे। सूत्रों ने बताया कि रेड बुल इंडिया को अपना जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है।
एफएसएसएआई के प्रवक्ता की ओर से इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं आई। अन्य पांच कंपनियों के ब्रांड के खिलाफ एफएसएसएआई की कार्रवाई की स्थिति का तत्काल पता नहीं चल सका।
अन्य न्यूज़














