Syed Mushtaq Ali Trophy: Yash Dhull के 78 और Mayank Yadav के 4 विकेट से दिल्ली की बड़ी जीत

इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में दिल्ली ने पंजाब को 109 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने पांच विकेट पर 240 रन बनाए, जिसके जवाब में पंजाब की पूरी टीम 131 रन पर ढेर हो गई। अन्य मुकाबलों में जम्मू-कश्मीर, सौराष्ट्र और बिहार ने भी अपने-अपने मैचों में जीत हासिल की।
दिल्ली ने यश ढुल की 40 गेंदों में 78 रन की नाबाद विस्फोटक पारी और तेज गेंदबाज मयंक यादव के चार विकेट की बदौलत सोमवार को यहां होलकर स्टेडियम में खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप बी मुकाबले में पंजाब को 109 रन से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 240 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यश ढुल ने अपनी नाबाद पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए।
वहीं, कप्तान प्रियांश आर्य ने 32 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके अलावा नीतिश राणा ने 35 रन, सार्थक रंजन ने 25 रन और तेजस्वी दहिया ने 20 रन का योगदान दिया। अंत में हिम्मत सिंह ने चार गेंदों में दो छक्कों की मदद से 13 रन बनाकर टीम का स्कोर 240 तक पहुंचाया।
पंजाब की ओर से सुखदीप बाजवा और साहिल भास्कर ने दो-दो विकेट हासिल किए। हालांकि, पंजाब के गेंदबाजों ने 13 अतिरिक्त वाइड रन भी दिए। फिर 241 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम 17.5 ओवर में 131 रन पर सिमट गई।
विहान मल्होत्रा ने 23 रन और अनमोलप्रीत सिंह ने 27 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन इसके बाद मयंक यादव ने पंजाब को झटके दिए। मयंक ने मल्होत्रा, उदय सहारण और अर्जुन राजपूत को पवेलियन भेजा। उदय और अर्जुन अपना खाता भी नहीं खोल सके।
इसके बाद उन्होंने वापसी करते हुए बाजवा का विकेट भी हासिल किया। मयंक ने तीन ओवर में एक मेडन के साथ सिर्फ 12 रन देकर चार विकेट झटके। कप्तान रमनदीप सिंह (30) और हरप्रीत बराड़ (33) ने कुछ देर तक संघर्ष किया, लेकिन स्पिनर दिग्वेश सिंह राठी ने 21 रन देकर तीन विकेट लेते हुए पंजाब की पारी समेट दी।
इस तरह दिल्ली ने 109 रन से शानदार जीत दर्ज की। वहीं ग्रुप के एक अन्य मैच में सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल की 37 गेंद में 70 रन की तूफानी पारी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने तमिलनाडु को छह रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने इकबाल की 10 चौके और तीन छक्के जड़ित शानदार पारी के दम पर सात विकेट पर 201 रन बनाए।
कप्तान शुभम खजूरिया ने 34 गेंद में चार छक्कों की मदद से 53 रन बनाए जबकि अब्दुल समद ने अंतिम ओवरों में 14 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 29 रन की तेजतर्रार पारी खेली। तमिलनाडु के लिए वी. अथिसयाराज डेविडसन और कप्तान आर. साई किशोर ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की शुरुआत खराब रही और तुषार रहेजा बिना खाता खोले आउट हो गए।
हालांकि, अमित सात्विक ने 31 गेंद में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 67 रन बनाकर टीम की उम्मीदें कायम रखीं। नारायण जगदीशन ने 35 रन और बालासुब्रमण्यम सचिन ने 29 रन का योगदान दिया। आर. राजकुमार ने 10 गेंदों में 24 रन बनाकर अंतिम ओवरों में मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
लेकिन तमिलनाडु की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 195 रन ही बना सकी। जम्मू-कश्मीर की ओर से लोन नासिर मुजफ्फर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 42 रन देकर तीन विकेट लिए।
सुनील कुमार और बृजेश शर्मा ने भी दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं डेली कॉलेज मैदान पर खेले गए ग्रुप बी के एक अन्य मुकाबले में विश्वराज जडेजा की 23 गेंद में तीन चौके और चार छक्के जड़ित 46 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत सौराष्ट्र ने हरियाणा को छह विकेट से हरा दिया। सौराष्ट्र ने 119 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए 13.5 ओवर में ही चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।
जडेजा और हार्विक देसाई (24 रन) ने पहले विकेट के लिए छह ओवर के भीतर 60 रन की साझेदारी की। लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (27 रन देकर तीन विकेट) ने लगातार गेंदों पर देसाई और हरवंश पांगलिया को आउट कर हरियाणा को कुछ उम्मीद जगाई। इसके बाद उन्होंने सम्मार गज्जर को शून्य पर बोल्ड कर दिया।
एक समय बिना विकेट खोए 60 रन बनाने वाली सौराष्ट्र की टीम 85 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। हालांकि प्रेरक मांकड़ (नाबाद 28) और रुचित अहिर (नाबाद 21) ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 34 रन की साझेदारी कर टीम को आसानी से जीत दिला दी। इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा की टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 118 रन ही बना सकी।
विकेटकीपर बल्लेबाज यशवर्धन दलाल ने 54 गेंदों में सात चौके और एक छक्के से नाबाद 65 रन बनाकर पारी को संभाले रखा। राहुल तेवतिया (14) ही दूसरे बल्लेबाज रहे जो दोहरे अंक तक पहुंच सके। सौराष्ट्र के लिए कप्तान जयदेव उनादकट ने 19 रन देकर दो विकेट लिए।
पार्थ भूट सबसे किफायती गेंदबाज रहे और उन्होंने चार ओवर में 13 रन देकर दो विकेट हासिल किए। चेतन सकारिया ने भी दो विकेट चटकाए। इसी मैदान पर खेले गए एक अन्य मुकाबले में बिहार ने सलामी बल्लेबाज आयुष लोहरुका की 29 गेंदों में 58 रन (पांच छक्के और पांच चौके) की शानदार पारी के बाद प्रशांत सिंह और सूरज कश्यप के तीन-तीन विकेट की बदौलत रेलवे को चार विकेट से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी रेलवे की टीम नौ विकेट पर 137 रन ही बना सकी। सलामी बल्लेबाज जयंत लखन (47), रवि सिंह (21) और जुबैर अली खान (26) ने टीम के लिए सर्वाधिक योगदान दिया। बिहार की ओर से प्रशांत सिंह ने रेलवे के शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा जबकि सूरज कश्यप ने मध्यक्रम को झकझोरते हुए तीन विकेट हासिल किए।
मोहम्मद इजहार ने भी 18 रन देकर दो विकेट लिए और रेलवे की पारी को गति नहीं पकड़ने दी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम को आयुष लोहरुका ने तूफानी शुरुआत दिलाई। लोहरुका हिट विकेट होकर आउट हुए, तब तक बिहार का स्कोर 8.2 ओवर में दो विकेट पर 78 रन हो चुका था।
इसके बाद तरुण कुमार (20), अल्तमिश अशरफ (15), रघुवेंद्र प्रताप सिंह (18) और सूरज कश्यप (13) ने उपयोगी योगदान देकर टीम को जीत तक पहुंचाया। बिहार ने 18.2 ओवर में छह विकेट खोकर 141 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अन्य न्यूज़














