Himadri Speciality का बड़ा दांव, Birla Tyres के लिए 3,000 करोड़ Revenue और EV Market पर मेगा फोकस

Birla Tyres
Instagram

हिमाद्री स्पेशलिटी केमिकल्स ने बिड़ला टायर्स के लिए 3,000 करोड़ रुपये का राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया है जो कंपनी की आक्रामक रणनीतिक विस्तार योजनाओं को दर्शाता है। अधिग्रहण के बाद अब कंपनी प्रीमियम उत्पादों, निर्यात और इलेक्ट्रिक वाहन टायर खंड पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है। नए एसकेयू और पैसेंजर कार रेडियल बाजार में प्रवेश इस विकास योजना के प्रमुख आधार स्तंभ हैं।

हिमाद्री स्पेशलिटी केमिकल्स अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई बिड़ला टायर्स के कारोबार का विस्तार करने की योजना बना रही है और अगले कुछ वर्ष में इसका राजस्व बढ़ाकर करीब 3,000 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य है। हिमाद्री स्पेशलिटी ने 2023 में दिवाला समाधान योजना के तहत डालमिया भारत रिफ्रैक्टरीज के साथ मिलकर 347 करोड़ रुपये में बिड़ला टायर्स का अधिग्रहण किया था। बयान के अनुसार, कंपनी भविष्य में प्रीमियम उत्पादों, निर्यात और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) टायर पर ध्यान केंद्रित करेगी।

हिमाद्री स्पेशलिटी केमिकल के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनुराग चौधरी ने बताया कि कंपनी की रणनीति संचालन से हटकर कारोबार के विस्तार पर केंद्रित है। कंपनी बयान के अनुसार, अगले कुछ वर्ष में बिड़ला टायर्स को लगभग 3,000 करोड़ रुपये के राजस्व वाले व्यवसाय में बदलने के लिए एक विकास योजना तैयार की है जिसमें प्रीमियम उत्पादों, निर्यात और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) टायरों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

बिड़ला टायर्स का राजस्व वित्त वर्ष 2025-26 में 187 करोड़ रुपये था। भविष्य की योजनाओं पर चौधरी ने कहा कि बिड़ला टायर्स कृषि, वाणिज्यिक वाहनों और उभरते हुए क्षेत्रों में लगभग 400 नए ‘स्टॉक कीपिंग यूनिट’ (एसकेयू) पेश करने की तैयारी में है। इसके अलावा कंपनी ‘पैसेंजर कार रेडियल’ (पीसीआर) बाजार में प्रवेश करने की अपनी योजना को भी आगे बढ़ा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़