Nepal के प्रधानमंत्री Balendra Shah 22 नवंबर को आ सकते हैं भारत, रेल और हवाई संपर्क पर होगी चर्चा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 नवंबर को अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच सकते हैं। इस दो से तीन दिवसीय दौरे में सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार के साथ जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू होने की संभावना है। पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा।

(शिरीष बी प्रधान) काठमांडू, 17 नवंबर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा के दौरान रेल, सड़क और हवाई संपर्क, बुनियादी ढांचे का विकास, सहयोग, व्यापार और पर्यटन सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी। नेपाल के विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इस साल 27 मार्च को पदभार संभालने के बाद शाह ने अब तक किसी देश की आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा नहीं की है।

हालांकि, वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका गए थे। नेपाल के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोक बहादुर छेत्री ने कहा कि मंत्रालय शाह की आगामी यात्रा के लिए जरूरी तैयारियों में जुटा है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री शाह 22 नवंबर को दिल्ली पहुंचेंगे।

हालांकि, उनकी यात्रा की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बालेन्द्र शाह को मार्च में सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत आने का निमंत्रण दिया था। पिछले साल सितंबर में युवाओं के नेतृत्व में हुए जेन-जी आंदोलन के कारण के पी शर्मा ओली की सरकार गिरने के करीब छह महीने बाद शाह के नेतृत्व में सरकार बनी थी।

सूत्रों ने बताया कि शाह की भारत की पहली यात्रा दो से तीन दिन की हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, द्विपक्षीय वार्ता में संपर्क सुविधाओं का विस्तार प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में शामिल होगा। इसमें हवाई, सड़क और रेल संपर्क के साथ बिजली पारेषण लाइनों तथा ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के विस्तार पर भी चर्चा हो सकती है।

विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि एकीकृत जांच चौकियों और पेट्रोलियम पाइपलाइन जैसी सीमावर्ती बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का निर्माण भी उच्चस्तरीय वार्ता में सहयोग के महत्वपूर्ण मुद्दों में शामिल होगा। नेपाल अगस्त में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों के पुनर्निर्माण तथा बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भारत से अनुदान सहायता और रियायती ऋण भी मांगेगा। इस भीषण बाढ़ में कम से कम 1,500 लोगों की मौत हुई थी और 5,000 से अधिक लोग लापता हो गए थे।

बाढ़ में दर्जनों पुल क्षतिग्रस्त हो गए थे। द्विपक्षीय वार्ता में पर्यटन को बढ़ावा देना, कृषि विकास और सीमा सुरक्षा भी महत्वपूर्ण मुद्दे हो सकते हैं। नेपाल अपने दोनों हवाई अड्डों-पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को पूरी तरह चालू करने के लिए भारत से नए हवाई मार्गों की भी मांग करेगा।

विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री शाह की यात्रा के दौरान नेपाल के जनकपुरधाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच करीब 600 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली साप्ताहिक रेल सेवा का उद्घाटन किया जाएगा। शाह (35) के साथ कम से कम चार मंत्री भी भारत आएंगे। इनमें विदेश मंत्री, वित्त मंत्री, बुनियादी ढांचा मंत्री, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री तथा ऊर्जा एवं जल संसाधन मंत्री शामिल हो सकते हैं।

कुछ कारोबारी और उद्योगपति भी प्रधानमंत्री शाह के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे। वे भारत के निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे और कारोबार एवं निवेश के अवसर तलाशेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़