IGX लाएगा IPO, बाजार नियामक SEBI ने दी सार्वजनिक निर्गम को मंजूरी

बाजार नियामक सेबी ने इंडियन गैस एक्सचेंज लिमिटेड को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम लाने की औपचारिक अनुमति दे दी है। यह निर्गम पूरी तरह ऑफर फॉर सेल आधारित होगा, जिसमें प्रवर्तक आईईएक्स अपने 1.67 करोड़ तक शेयर बेचेगी। इस प्रक्रिया से मिलने वाली समूची राशि सीधे मूल कंपनी के खाते में जाएगी।
देश के पहले ऑनलाइन डिलिवरी आधारित प्राकृतिक गैस कारोबार मंच इंडियन गैस एक्सचेंज लिमिटेड (आईजीएक्स) को सोमवार को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई है। नियामक के एक अद्यतन विवरण से यह जानकारी दी गई है। कंपनी के दस्तावेजों के मसौदे के अनुसार, प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित होगा।
इसके तहत प्रवर्तक इंडियन एनर्जी एक्सचेंज लिमिटेड (आईईएक्स) आईजीएक्स के 1.67 करोड़ तक इक्विटी शेयर बेचेगी। चूंकि यह निर्गम पूरी तरह ओएफएस है, इसलिए आईजीएक्स को आईपीओ से कोई राशि नहीं मिलेगी। निर्गम से प्राप्त पूरी राशि शेयर बेचने वाली कंपनी आईईएक्स को जाएगी।
आईजीएक्स ने जुलाई में आईपीओ के लिए शुरुआती दस्तावेज जमा किए थे। दस्तावेजों की समीक्षा के बाद सेबी ने 12 अक्टूबर को अपनी अंतिम टिप्पणी जारी की। सेबी की मंजूरी से कंपनी को नियामकीय आवश्यकताओं के अधीन सार्वजनिक निर्गम की तैयारियां आगे बढ़ाने का रास्ता मिल गया है।
यह मंजूरी ऐसे समय मिली है जब आईपीओ के जरिये धन जुटाने की गतिविधियां तेज हैं। कंपनियों ने वर्ष 2026 में अब तक 96 सार्वजनिक निर्गम के जरिये 1.1 लाख करोड़ रुपये से अधिक जुटाए हैं। इस महीने कई और आईपीओ आने वाले हैं, जो प्राथमिक बाजार में लगातार जारी गतिविधियों का संकेत है।
आईजीएक्स ने दस्तावेजों में कहा है कि आईपीओ का मुख्य उद्देश्य शेयर बाजार में अपने इक्विटी शेयर सूचीबद्ध कराने का लाभ उठाना है। कंपनी को उम्मीद है कि इससे उसकी दृश्यता बढ़ेगी, ब्रांड छवि मजबूत होगी और उसके शेयरों के लिए सार्वजनिक बाजार उपलब्ध होगा। आईईएक्स की आईजीएक्स में 47 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है।
नियमों के तहत उसे यह हिस्सेदारी घटाकर 25 प्रतिशत करनी होगी। आईजीएक्स की स्थापना नवंबर, 2019 में आईईएक्स की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी के रूप में हुई थी। उसके इलेक्ट्रॉनिक गैस कारोबार मंच का उद्घाटन जून, 2020 में किया गया था।
कंपनी को दिसंबर 2020 में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) से गैस एक्सचेंज के रूप में काम करने की अनुमति मिली थी। आईजीएक्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश कुमार मेदिरत्ता ने जनवरी में कहा था कि देश का पहला ऑनलाइन डिलिवरी आधारित प्राकृतिक गैस कारोबार मंच दिसंबर, 2026 तक आईपीओ लाने का लक्ष्य रख रहा है।
अन्य न्यूज़













