Redseer की रिपोर्ट: 2026 में 90 अरब डॉलर पार करेगा देश का Online Retail Market

रेडसीर स्ट्रेटजी कंसल्टेंट्स के अनुसार भारत के ई-कॉमर्स बाजार में सालाना 22 से 24 प्रतिशत की दर से तेज बढ़त होने की संभावना है। इस वृद्धि की प्रमुख वजह किराना जैसे दैनिक उपयोग के सामानों की बढ़ती खरीदारी है। रिपोर्ट के मुताबिक फैशन के बाद किराना वर्ग मोबाइल फोन को पीछे छोड़कर दूसरा सबसे बड़ा ऑनलाइन सेगमेंट बन जाएगा।
भारत का ऑनलाइन खुदरा बाजार 2026 में 90 अरब अमेरिकी डॉलर के पार पहुंचने का अनुमान है। इसमें सालाना 22-24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज होने की उम्मीद है, जो पांच साल में सबसे तेज होगी। इस वृद्धि का प्रमुख कारण मोबाइल फोन के बजाय किराना जैसे रोजमर्रा की जरूरतों वाले उत्पादों की बढ़ती मांग है।
रेडसीर स्ट्रेटजी कंसल्टेंट्स की एक रिपोर्ट में यह कहा गया। विश्लेषण के अनुसार ई-कॉमर्स सकल वस्तु मूल्य (जीएमवी) 2026 की पहली छमाही में सालाना आधार पर लगभग 25 प्रतिशत बढ़कर लगभग 38 अरब डॉलर हो गया, जो चार वर्षों में इसका सबसे मजबूत छमाही प्रदर्शन है। ऑनलाइन खुदरा कारोबार में तेजी आने के बीच पहली छमाही के दौरान मोबाइल की बिक्री स्थिर रही और कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण बिक्री की मात्रा सीमित रहने से पूरे वर्ष में इसके केवल 2-3 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है।
ऐसे में फैशन के बाद किराना खंड भारतीय ई-कॉमर्स में मोबाइल फोन को पीछे छोड़कर दूसरा सबसे बड़ा वर्ग बनने के लिए तैयार है। रिपोर्ट में कहा गया कि किराना, सौंदर्य और व्यक्तिगत देखभाल (बीपीसी) तथा गृह सज्जा और फर्नीचर 2026 में कुल ऑनलाइन खुदरा जीएमवी का लगभग 40 प्रतिशत होंगे।
अन्य न्यूज़













