Dollar की मजबूती से Rupee फिसला, शुरुआती सत्र में 93.77 के स्तर पर पहुंचा

विदेशी मुद्रा बाजार में गुरुवार को अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण घरेलू मुद्रा दबाव में आ गई। शुरुआती कारोबार में छह पैसे की नरमी के साथ रुपया 93.77 प्रति डॉलर पर दर्ज किया गया।
रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में छह पैसे टूटकर 93.77 प्रति डॉलर पर आ गया। अमेरिकी डॉलर में मजबूती से घरेलू मुद्रा पर दबाव बढ़ा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिका में महंगाई तथा रोजगार के नवीनतम आंकड़ों से अमेरिकी कोष बॉन्ड पर प्रतिफल और डॉलर मजबूत हुए हैं।
हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के साथ घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती और विदेशी पूंजी का प्रवाह रुपये को समर्थन दे सकता है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया करीब 93.73 प्रति डॉलर पर खुला। फिर टूटकर 93.77 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की गिरावट है।
रुपया बुधवार को छह पैसे मजबूत होकर 93.71 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 103.03 पर आ गया। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 166.44 अंक चढ़कर 82,013.58 अंक पर और निफ्टी 55.65 अंक की बढ़त के साथ 25,316.55 अंक पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.74 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 12,563.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
अन्य न्यूज़














