Maruti Suzuki ग्राहकों को देगी झटका! जल्द बढ़ेंगी Cars की कीमतें, जानें क्या है असली वजह?

भारतीय ऑटो बाजार में मारुति सुजुकी की रिकॉर्ड मांग के कारण सप्लाई पर भारी दबाव है, जिससे वेटिंग पीरियड बढ़ गया है और लाखों बुकिंग पेंडिंग हैं। इसी बीच, बढ़ती लागत को देखते हुए कंपनी अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाने पर विचार कर रही है।
भारतीय ऑटो बाजार में इस समय जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है और इसका सबसे बड़ा फायदा मारुति सुजुकी को मिला। हालांकि, बढ़ती मांग के बीच अब कंपनी को कच्चे माल की बढ़ती कीमतों की चिंता सताने लगी है।
बता दें कि मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में कारों की कीमतों की समीक्षा की जा सकती है। कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सेल्स एंड मार्केटिंग) पार्थो बनर्जी ने एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि कमोडिटी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और वैश्विक भू-राजनीतिक हालात पर भी करीबी नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि उन्होंने साफ किया कि कंपनी एक मार्केट लीडर के तौर पर हमेशा कीमतों में बढ़ोतरी को न्यूनतम रखने की कोशिश करती है, लेकिन एक स्तर के बाद अगर लागत को समायोजित करना मुश्किल हो जाता है, तो उसका असर ग्राहकों तक पहुंचाना पड़ता है। हालांकि, फिलहाल कीमत बढ़ाने की समयसीमा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, पिछले साल के फेस्टिव सीजन के बाद से देश में कारों की बिक्री में जबरदस्त तेजी देखी गई है। सरकार द्वारा छोटे कारों और एसयूवी पर जीएसटी दरों में कटौती के बाद बाजार में मांग और मजबूत हुई है। इसी का फायदा उठाते हुए मारुति सुजुकी ने अक्टूबर 2025 में अपनी एंट्री-लेवल कारों की कीमतों में कटौती भी की थी।
मांग का स्तर ऐसा रहा कि वह सप्लाई से आगे निकल गई। हालात को देखते हुए कंपनी को जनवरी में बुकिंग करने वाले ग्राहकों के लिए प्राइस प्रोटेक्शन स्कीम शुरू करनी पड़ी, ताकि पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
फिलहाल मारुति सुजुकी पर करीब 1.75 लाख गाड़ियों की पेंडिंग बुकिंग है। उत्पादन सीमाओं के चलते वैगनआर जैसी लोकप्रिय कारों की वेटिंग पीरियड एक महीने से ज्यादा हो चुकी है। कंपनी की फैक्ट्रियां रविवार और सार्वजनिक छुट्टियों में भी काम कर रही हैं ताकि डिलीवरी समय कम किया जा सके।
गौरतलब है कि हरियाणा के खरखौदा प्लांट में कंपनी का दूसरा संयंत्र अप्रैल 2026 तक चालू होने की उम्मीद है। इसके बाद गुजरात में नई असेंबली लाइन शुरू की जाएगी, जिससे सालाना करीब पांच लाख अतिरिक्त गाड़ियों का उत्पादन संभव हो पाएगा।
जनवरी 2026 में मारुति सुजुकी ने 2.36 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो अब तक की सबसे ज्यादा मासिक बिक्री है। इस दौरान बुकिंग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची और रोजाना करीब 9,000 से 10,000 नई बुकिंग मिली हैं।
अन्य न्यूज़











