राजस्थान में रबी सीजन के दौरान किसानों को दिन में मिलेगी निर्बाध बिजली, CM Bhajan Lal Sharma के निर्देश

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में रबी सीजन के दौरान किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। खैरथल-तिजारा को शामिल करने के बाद अब राज्य के 28 जिलों में दिन में बिजली दी जा रही है। इससे 13.56 लाख से ज्यादा किसानों को सीधा फायदा मिल रहा है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों और उद्योगों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शर्मा ने बृहस्पतिवार को ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अपने 34 महीने से अधिक के कार्यकाल में बिजली उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया है। उन्होंने अधिकारियों को मौजूदा रबी सीजन में किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में खैरथल-तिजारा जिले में भी किसानों को दिन में बिजली देना शुरू किया गया है। इसके साथ ही दिन में बिजली आपूर्ति की सुविधा वाले जिलों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। इस व्यवस्था से 13.56 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हो रहे हैं।

शर्मा ने प्रदेश में बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) की स्थापना और उसे लागू करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच प्रदेश में पीएम-कुसुम योजना के घटक-ए के तहत 1,779 मेगावाट से अधिक और घटक-सी के तहत 3,758 मेगावाट से अधिक क्षमता स्थापित की गई है। इन दोनों घटकों के तहत स्थापित क्षमता के मामले में राजस्थान देश में पहले स्थान पर है।

इससे 3.89 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 34 महीनों में राजस्थान में 29 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता स्थापित की गई है, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के समान अवधि के कार्यकाल में यह क्षमता 5.9 गीगावाट थी। शर्मा ने कहा कि सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना और नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के मामले में राजस्थान देश में पहले स्थान पर है, जबकि कुल स्थापित नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के मामले में दूसरे स्थान पर है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़