Moscow में Putin से मिले अमेरिकी दूत, Zelenskyy से वार्ता के लिए पहुंचे Dublin

यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने के राजनयिक प्रयासों के तहत अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति से दो घंटे चर्चा की। क्रेमलिन में बैठक के बाद दोनों प्रतिनिधि यूक्रेनी राष्ट्रपति से मिलने आयरलैंड रवाना हो गए। हाल ही में दोनों दूतों ने अबू धाबी में रूस और यूक्रेन के बीच कैदियों की अदला-बदली को लेकर भी बातचीत कराई थी।
अमेरिकी दूतों ने बृहस्पतिवार को क्रेमलिन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की और इसके बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बातचीत करने के लिए आयरलैंड रवाना हो गए। ‘क्रेमलिन’ रूस में सत्ता का केंद्र है। अमेरिका दोनों देशों के बीच के युद्ध को समाप्त के लिए अपने शांति प्रयासों को नयी गति देने की कोशिश कर रहा है।
अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने इस सप्ताह रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच बातचीत कराई। संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में हुई इस बैठक में नौ महीने बाद पहली बार यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधियों के बीच सीधी बातचीत हुई। इससे पहले, युद्ध के समाधान की कोशिशें ठहर गई थीं।
बुधवार को संपन्न हुई इस वार्ता में बड़ी संख्या में युद्धबंदियों की अदला-बदली पर सहमति बनी। हालांकि, अदला-बदली किए जाने वाले कैदियों की सटीक संख्या पर अभी सहमति नहीं बन पाई है। कुशनर और विटकॉफ ने पुतिन के साथ करीब दो घंटे तक बैठक की।
इसके बाद वे जेलेंस्की के साथ बातचीत के लिए डबलिन रवाना हो गए। इस संघर्ष के पांच साल पूरे होने वाले हैं।
अन्य न्यूज़













