Philadelphia के पास Delaware नदी पर बने ड्रॉब्रिज से मालवाहक जहाज टकराया, यातायात ठप

अमेरिका में पेंसिल्वेनिया और न्यू जर्सी को जोड़ने वाले 1,115 मीटर लंबे टैकोनी-पाल्मायरा पुल से एक मालवाहक जहाज टकरा गया। इस हादसे के बाद ड्रॉब्रिज के बंद न हो पाने से दोनों शहरों के बीच वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। तटरक्षक बल के अनुसार घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और जांच जारी है।
डेलवेयर नदी पर बने एक पुल से बृहस्पतिवार को एक मालवाहक जहाज के टकराने से न्यू जर्सी के पाल्मायरा और फिलाडेल्फिया के बीच यातायात बाधित हो गया। पेंसिल्वेनिया के एक जन प्रतिनिधि ने यह जानकारी दी। एड नीलसन ने एक समाचार विज्ञप्ति में कहा कि इस टक्कर के कारण 1,115 मीटर लंबा टैकोनी-पाल्मायरा पुल बंद नहीं हो पा रहा है, जिससे फिलाडेल्फिया की ओर भारी जाम लग गया है।
उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। यह एक ड्रॉब्रिज यानी खुलने वाला पुल है। यह जहाजों के लिए रास्ता बनाता है।
जब नदी से कोई बड़ा जहाज गुजरता है, तो पुल के बीच के हिस्से को ऊपर उठा दिया जाता है। इसे तकनीकी भाषा में पुल का ‘खुला’ (जहाजों के लिए खुला) होना कहते हैं। अमेरिकी तटरक्षक बल ने कहा कि मालवाहक जहाज वर्तमान में पेंसिल्वेनिया के ब्रिस्टल में किंडर मॉर्गन के एक अड्डे पर खड़ा है, जहां एक निरीक्षण दल मौके पर मौजूद है।
तटरक्षक बल ने अभी तक जहाज के मालिक या संचालक के बारे में कोई और जानकारी जारी नहीं की है। तटरक्षक बल के अनुसार, दोपहर करीब 1:15 बजे टक्कर के समय जहाजों के गुजरने के लिए यह ड्रॉब्रिज खुला हुआ था। बृहस्पतिवार दोपहर तक इस पुल के संचालक ‘बर्लिंगटन काउंटी ब्रिज कमीशन’ की तरफ से किसी की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
हालांकि, रिकॉर्ड किए गए एक संदेश में कहा गया है कि अगली सूचना तक पुल वाहनों और पैदल यात्रियों के यातायात के लिए बंद है।
अन्य न्यूज़













