पश्चिम एशिया संकट घटने से BSE और NSE में जोरदार वापसी, पांच दिन की गिरावट पर लगा ब्रेक, सेंसेक्स 776 अंक उछला

Sensex Nifty
AI Image

पश्चिम एशिया संकट कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से सोमवार को शेयर बाजार में पिछले पांच दिनों से जारी गिरावट थम गई। बीएसई सेंसेक्स 776 अंक की बढ़त के साथ 76,835.78 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी भी 228.50 अंक चढ़कर 23,995.95 अंक पर पहुंच गया।

शेयर बाजार में पिछले पांच दिन से जारी गिरावट सोमवार को थम गयी। पश्चिम एशिया संकट कम होने के साथ कच्चे तेल के दाम में तेज गिरावट से बीएसई सेंसेक्स में 776 अंक की तेजी आई जबकि एनएसई निफ्टी 228 अंक के लाभ में रहा। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 776.01 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,835.78 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 841.74 अंक चढ़कर 76,901.51 अंक तक चला गया था। वहीं, एनएसई निफ्टी 228.50 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,995.95 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इटर्नल का शेयर सबसे अधिक 5.70 प्रतिशत चढ़ा।

इसे भी पढ़ें: Middle East संकट का असर: Crude Oil में उबाल से Stock Market धराशायी, Sensex और Nifty के प्रमुख सेक्टर्स में भारी गिरावट

इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी अच्छी तेजी रही। दूसरी तरफ, एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 9.40 प्रतिशत टूटकर 87.64 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में हमलों पर विराम लगने से आयात लागत और महंगाई बढ़ने की आशंकाएं कम हुई हैं। इससे बाजार में तेजी देखने को मिली। कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट के साथ दीर्घकालीन बॉन्ड प्रतिफल में कमी से भी टिकाऊ समाधान को लेकर निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।’’ शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,892.77 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।

इसे भी पढ़ें: कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर के पार जाने से शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 512 अंक लुढ़का

लेमन मार्केट्स डेस्क के विश्लेषक गौरव गर्ग के अनुसार, ‘‘लगातार पांच कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को मजबूती के साथ वापसी की। बाजार में चौतरफा लिवाली और वैश्विक स्तर पर बेहतर होते माहौल से निवेशकों का भरोसा बढ़ा। ईरान-अमेरिका के बीच तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, जिससे भारत में महंगाई को लेकर चिंताएं भी कम हुई हैं।’’ छोटी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाले बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स 1.71 प्रतिशत और मझोली कंपनियों से संबंधित बीएसई मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स 1.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

इसे भी पढ़ें: Stock Market Fall | ईरान-अमेरिका तनाव का दलाल स्ट्रीट पर असर! सेंसेक्स 76,391 पर बंद, अदाणी पोर्ट्स और एसबीआई के शेयर फिसले

पिछले पांच कारोबारी सत्रों में बीएसई सेंसेक्स 2,091.68 अंक यानी 2.67 प्रतिशत नुकसान में रहा जबकि निफ्टी में 566.85 अंक यानी 2.32 प्रतिशत की गिरावट आई। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा।

वहीं अमेरिकी बाजार में शुक्रवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए। इससे पहले, शुक्रवार को सेंसेक्स 331.62 अंक टूटकर 76,059.77 अंक और निफ्टी 102.15 अंक फिसलकर 23,767.45 अंक पर बंद हुआ था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़