Australia में इतिहास रचने उतरेगी Team India, T20 सीरीज जीतने के लिए बल्लेबाजों को दिखाना होगा दम

Team India
Instagram/@indiancricketteam

ऑस्ट्रेलिया में पहली ऐतिहासिक द्विपक्षीय सीरीज जीतने के लिए भारतीय महिला टीम को तीसरे और आखिरी टी20 में अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करना होगा, जिसमें स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी की भूमिका अहम होगी। भारतीय गेंदबाजों को भी मेजबान टीम की आक्रामक बल्लेबाज जॉर्जिया वोल पर लगाम लगानी होगी।

 भारतीय महिला टीम को अगर ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर पहली बार ऐतिहासिक श्रृंखला जीतनी है तो उसकी बल्लेबाजों को यहां शनिवार को तीसरे और आखिरी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में मेजबान टीम की अनुभवी गेंदबाजी इकाई के खिलाफ एकजुट होकर आक्रामक प्रदर्शन करना होगा। भारतीय महिला टीम अभी तक ऑस्ट्रेलिया में तीनों प्रारूपों में कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं जीत पाई है। इसे बदलने के लिए भारत को यहां बेहतर बल्लेबाजी की जरूरत है, जिसकी शुरुआत सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा से होगी।

 भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला

स्मृति और शेफाली दोनों ने शुरुआत तो की है लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाईंजिससे दूसरे मैच में भारत 164 रन के आसान से लक्ष्य का पीछा नहीं कर सका। किम गार्थ, अनाबेल सदरलैंड और सोफी मोलिनू की अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई तिकड़ी ने इस मौके का फायदा उठाया। इन्होंने भारत की पांच बल्लेबाजों को सिर्फ सात रन के अंदर आउट कर दिया। लेकिन एडिलेड की पिच कैनबरा की पिच के मुकाबले अलग है और भारतीय बल्लेबाजों को यहां अपने पिक-अप शॉट्स पर भरोसा करना चाहिए।

एक बेहतरीन आउटफील्ड भी बल्लेबाजी के लिए बेहतर है। कप्तान हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष को बल्ले पर आती गेंद पसंद है और उन्हें यहां कुछ मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि मैदान की सतह चिकनी होने से जिम्मेदारी भारतीय तेज गेंदबाजों रेणुका सिंह, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़ और अमनजोत कौर पर होगी कि वे अपनी लाइन एवं लेंथ में स्थिर रहें क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज किसी भी ढील का आसानी से फायदा उठा सकती हैं।

युवा खिलाड़ी जॉर्जिया वोल सबसे बड़ा खतरा हो सकती हैं जिन्होंने अब संन्यास ले चुकी मेग लैनिंग और एलिसा हीली के जाने के बाद पारी के आगाज की भूमिका को जिम्मेदारी से संभाला है। इनकी जगह भरना बहुत बड़ी बात है लेकिन 22 साल की यह खिलाड़ी अब तक कमाल की रही है। भारतीय तेज गेंदबाजों को वोल को रोकना होगा और स्पिनरों दीप्ति शर्मा और श्री चरणी को भी बीच के ओवरों में योगदान देना होगा। वहीं सदरलैंड और ऐश गार्डनर के अलावा फोबे लिचफील्ड को शांत रखना भी जरूरी है।

टीमें इस प्रकार हैं

 भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, भारती फूलमाली, क्रांति गौड़, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमालिनी, अमनजोत कौर, श्रेयंका पाटिल, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा।

ऑस्ट्रेलिया: सोफी मोलिनू (कप्तान), तहलिया मैकग्रा, डार्सी ब्राउन, निकोला कैरी, किम गार्थ, ग्रेस हैरिस, फोबे लिचफील्ड, बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगान शुट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहम। मैच दोपहर 1.45 बजे शुरू होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़