Naman Dhir ने T20 Debut पर लिए 3 विकेट, बोले- अब बल्ले से मौके का इंतजार

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 पदार्पण पर नमन धीर ने 31 रन देकर तीन विकेट झटके। कप्तान श्रेयस अय्यर के नाबाद शतक की बदौलत भारत ने यह मैच आसानी से जीत लिया। अपनी गेंदबाजी से खुश नमन ने कहा कि वह अब बल्ले से भी योगदान देने का इंतजार कर रहे हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार पदार्पण करने वाले भारत के ऑलराउंडर नमन धीर अपनी गेंदबाजी से योगदान देकर खुश थे, हालांकि वह अब भी बल्ले से मौके का इंतजार कर रहे हैं जो उनकी मजबूती है। अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण पर नमन ने ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से 31 रन देकर तीन विकेट के प्रभावशाली आंकड़े दर्ज किए और भारत को वेस्टइंडीज को 171 रन पर समेटने में मदद की।
भारत ने कप्तान श्रेयस अय्यर के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक (43 गेंदों पर नाबाद 102) की बदौलत 14.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। नमन ने मंगलवार को यहां मैच के बाद प्रेस कांफ्रेस में कहा, ‘‘मैं अब भी बल्लेबाजी में अपने मौके का इंतजार कर रहा हूं और अगर मुझे बल्ले से मौका मिलता है तो मुझे खुशी होगी। लेकिन मैं खुश हूं कि मैं गेंद से योगदान दे सका और टीम जीत गई।
’’ नमन ने कहा कि इकाना स्टेडियम की पिच ने सुनिश्चित किया कि स्पिनरों के लिए गेंद थोड़ी धीमी गति से करनी पड़े। उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित रूप से आज मुझे जो पहला विकेट मिला, वह मेरे लिए एक उपलब्धि थी, लेकिन साथ ही यह सब अपनी योजनाओं को अमल में लाने के बारे में है।
विकेट की मांग थी कि मैं गेंद थोड़ी धीमी गति से करूं जो अंत में कारगर साबित हुई। ’’ नमन ने कहा, ‘‘मैं काफी लंबे समय से गेंदबाजी कर रहा हूं, ऐसा नहीं है कि मैंने अभी शुरुआत की है। आईपीएल में, आप मुझे कम गेंदबाजी करते हुए देखते हैं क्योंकि ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम है, लेकिन ऐसा नहीं है कि मैं गेंदबाजी नहीं कर रहा हूं। भविष्य में मैं गेंद के साथ अच्छा प्रदर्शन करता रहूंगा।
अन्य न्यूज़













