IND vs SL 2nd Test: यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो भिड़े, धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल

Yashasvi Jaiswal
INSTAGRAM
एकता । Aug 23 2026 3:58PM

कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दौरान श्रीलंकाई गेंदबाज असिथा फर्नांडो और भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई। जायसवाल को 45 रन पर बोल्ड करने के बाद फर्नांडो द्वारा की गई टिप्पणी पर दोनों खिलाड़ी आपस में भिड़ गए। श्रीलंकाई खिलाड़ियों के बीच-बचाव के बाद यह विवाद शांत हुआ।

भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो बीच मैदान पर आपस में भिड़ गए। कोलंबो में टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच के पहले दिन असिथा ने यशस्वी को क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद जश्न मनाते हुए असिथा ने कुछ कहा, जो जायसवाल को पसंद नहीं आया और दोनों खिलाड़ियों के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह पूरा वाकया भारतीय पारी के 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर घटा। असिथा फर्नांडो के इस ओवर में यशस्वी जायसवाल ने टी20 के अंदाज में तीन शानदार चौके जड़े थे। जायसवाल बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे थे और अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे। इसके बाद असिथा ने राउंड द विकेट से अंदर आती हुई गेंद फेंकी, जो जायसवाल के बल्ले से टकराकर सीधे स्टंप्स में जा घुसी।

इसे भी पढ़ें: Saransh Jain का Test Debut: जडेजा ने कैप सौंपते हुए कहा- दबाव न लें, खेलें एक और First Class Match की तरह

धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल

विकेट लेने के बाद दाएं हाथ के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो आक्रामक अंदाज में जश्न मनाने लगे। जायसवाल जब पवेलियन की तरफ लौट रहे थे, तभी असिथा ने उन पर कोई कमेंट कर दिया। कमेंट सुनते ही जायसवाल वापस असिथा की तरफ मुड़ गए। दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे को धक्का देने की कोशिश की। हालांकि, श्रीलंका के कप्तान और अन्य खिलाड़ियों ने तुरंत बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया।

इसे भी पढ़ें: ICC FTP में बदलाव की मांग, Sri Lanka चाहता है भारत और इंग्लैंड से अधिक टेस्ट

खेली 45 रन की पारी

आउट होने से पहले यशस्वी जायसवाल ने 53 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौकों की मदद से 45 रनों की उपयोगी पारी खेली। वे बाहर जाती गेंदों को अच्छी तरह छोड़ रहे थे, लेकिन अंदर आती गेंद पर चकमा खा गए। पहले टेस्ट मैच में जायसवाल का बल्ला नहीं चला था, जहां वे पहली पारी में रन आउट हुए थे और दूसरी पारी में बिना खाता खोले आउट हो गए थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़