Philippines में Air Niugini विमान की Emergency Landing, बाल-बाल बचे 146 लोग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हांगकांग से पापुआ न्यू गिनी के लिए उड़ान भरने वाले एक बोइंग 767 विमान के इंजन में तकनीकी खराबी के बाद उसे फिलीपीन के दावाओ शहर में सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में सवार 137 यात्रियों और नौ क्रू सदस्यों को आपातकालीन स्लाइड से बिना किसी चोट के बाहर निकाला गया। सभी यात्रियों को टर्मिनल पर सहायता और ठहरने की व्यवस्था दी गई।

हांगकांग से पापुआ न्यू गिनी जा रहे ‘एयर नियुगिनी’ के एक विमान को इंजन में आग लगने की आशंका के कारण शनिवार को दक्षिणी फिलीपीन के एक शहर में आपात स्थिति में सुरक्षित उतारा गया। फिलीपीन के विमानन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि विमान में 146 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे।

फिलीपीन के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि बोइंग 767-383ईआर विमान के दावाओ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद सभी 137 यात्रियों और चालक दल के नौ सदस्यों को आपातकालीन ‘स्लाइड’ के जरिए बाहर निकाला गया तथा इनमें से किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। प्राधिकरण के प्रवक्ता एरिक अपोलोनियो ने बताया कि पायलटों को विमान में लगे एक संकेतक से दाहिने इंजन में चिंगारी निकलने या आग लगने की आशंका का पता चला। इसके बाद उन्होंने सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाएं अपनाईं और मध्यरात्रि के कुछ समय बाद दावाओ में विमान को आपात स्थिति में उतारने का अनुरोध किया।

यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हवाई अड्डे के टर्मिनल पर ले जाया गया, जहां उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई और उनके होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई। विमान को नुकसान पहुंचने की तत्काल कोई सूचना नहीं है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़