शाम की चाय के साथ चाहिए Healthy Snack, तो घर पर बनाएं प्रोटीन रिच Moong Dal Tikki

Moong Dal Tikki
AI Image

शाम के नाश्ते के लिए मूंग दाल की टिक्की एक स्वादिष्ट और प्रोटीन से भरपूर विकल्प है। इसे भीगी व दरदरी पिसी मूंग दाल में प्याज, मसाले और बेसन मिलाकर तवे पर आसानी से सेंका जाता है। बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम यह टिक्की चटनी या केचप के साथ परोसी जा सकती है।

शाम की क्रेविंग से हर कोई परेशान रहता है, अब क्या खाया जाए? ऐसे में चाय हो और कुछ चटपटा और क्रिस्पी स्नैक हो, तो मजा ही आ जाता है। अगर आप तला-भुना नहीं खाना चाहते, तो एक बार इस तरह से मूंग दाल की टिक्की बनाएं। स्वाद इसका बड़ा ही कमाल का होता है।

ऊपर से एकदम कुरकुरी, अंदर से नरम और प्रोटीन से भरी होती है। सबसे खास बात तो यह है कि इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान नहीं चाहिए। घर में रखी मूंग दाल, प्याज और मसालों से ही यह झटपट बन जाती है।

बच्चों से लेकर बड़ों को, यह खूब पसंद आएगी, आइए आपको इसकी रेसिपी बताते हैं।

मूंग दाल टिक्की बनाने के लिए क्या चाहिए?

पीली मूंग दाल - 1 कप (2-3 घंटे भिगोई हुई)
प्याज - 1 छोटा, बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च - 2, बारीक कटी हुई
अदरक - 1 इंच, कद्दूकस किया हुआ
लहसुन - 1 छोटा चम्मच, कद्दूकस (ऑप्शनल)
जीरा पाउडर - 1 छोटा चम्मच
हल्दी - आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च - पाउडर आधा छोटा चम्मच
बेसन या कॉर्नफ्लोर - 2 से 3 बड़े चम्मच
हरा धनिया - 2 बड़े चम्मच, कटा हुआ
नमक - स्वादानुसार
तेल- तलने के लिए

बनाने का तरीका

- इसके लिए मूंग दाल को अच्छे से धोकर 2-3 घंटे के लिए भिगो दें।

- फिर दाल का सारा पानी निकाल दें और छलनी में 15-20 मिनट के लिए रख दें। यह स्टेप सबसे जरुरी है, वरना आपकी टिक्की नरम बन जाएगी।

- अब दाल को मिक्सी में डालकर हल्का दरदरा पीस लें। इसे बिल्कुल चिकना पेस्ट मत बनाएं।

- इसके बाद पिसी दाल को एक कटोरी में निकालें। इसमें प्याज, हरी-मिर्च, अदरक, लहसुन, सारे मसाले, हरा धनिया, नमक और बेसन डालकर अच्छे से मिला लें।

- हाथ पर थोड़ा पानी लगाएं, हल्का मिक्सचर लें और गोल करके हल्के हाथ से दबाकर टिक्की का शेप दें।

- अब एक नॉनस्टिक तवे पर थोड़ा तेल गर्म करें और टिक्की को मीडियम आंच पर सेकें। जब दोनों तरफ से सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो निकाल लें।

- गरम-गरम टिक्की को हरी पुदीना चटनी, इमली की चटनी या टोमैटो केचप के साथ सर्व करें।

इन बातों का रखें ध्यान

- ध्यान रखें कि दाल में जरा भी पानी रह गया तो टिक्की टूट जाएगी। इसलिए दाल को अच्छे से सुखा लें।

- बेबाइंडिंग के लिए बेसन ज्यादा मत डालें। वरना आपकी टिक्की काफी सख्त हो सकती है, 2 चम्मच काफी है।

- तेज आंच पर टिक्की बाहर से जल सकती है और अंदर से कच्ची रहेगी, इसलिए मीडियम आंच पर सेंकें।

- प्याज को काटने के बाद उसका पानी निचोड़ लें, इससे मिक्सचर गीला नहीं होगा।

- टिक्की हेल्दी बनानी है, तो एयर फ्रायर में 180 डिग्री पर 12 मिनट तक बेक कर लें।
 

All the updates here:

अन्य न्यूज़